Mathura News: मथुरा के राया थाना क्षेत्र के गांव फजियतपुर की नगरिया में रविवार शाम बाजार से घर लौट रहे एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. पीड़ित ने गांव के ही कुछ लोगों पर पुराने विवाद में समझौते का दबाव बनाने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है. पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT
जानकारी के अनुसार, फजियतपुर की नगरिया निवासी अरुण पुत्र विजय कुमार रविवार शाम राया बाजार से अपने गांव लौट रहा था. आरोप है कि रास्ते में अरमान, राजू और अन्य लोग उसे रोककर पीटने लगे और धमकियां दीं. पुलिस ने बताया कि यह घटना करीब दो माह पूर्व हुए साम्प्रदायिक विवाद से जुड़ी हो सकती है, जिसमें दोनों पक्षों के लोग घायल हुए थे और पुलिस ने कई आरोपियों को जेल भेजा था. पीड़ित का कहना है कि उसी मामले को लेकर लगातार समझौते के लिए दबाव बनाया जा रहा था, और मना करने पर धमकियां दी जा रही थीं.
थाना प्रभारी निरीक्षक कर्मवीर सिंह ने बताया कि रविवार देर रात डायल-112 के माध्यम से झगड़े की सूचना मिली. पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति को शांत कराई. पीड़ित की तहरीर पर पाँच नामजद और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. दो लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है और जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी.
ADVERTISEMENT









