Vrindavan Rape News: नौकरी का सपना दिखाकर युवती की अस्मत लूटी, वृंदावन पुलिस ने दिल्ली से आए आरोपी को दबोचा

Vrindavan Job Fraud: वृंदावन में नौकरी दिलाने के बहाने युवती से दुष्कर्म करने वाले दिल्ली निवासी आरोपी हर्ष गिरधर को पुलिस ने दबोच लिया है. तीन महीने से फरार आरोपी ने गेस्ट हाउस में वारदात को अंजाम दिया था. मंडावली (दिल्ली) से ट्रांसफर हुए इस मामले में पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है.

Mathura Crime News

Newzo

• 03:45 PM • 08 May 2026

follow google news

Vrindavan Job Fraud:  धर्म नगरी वृंदावन में नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है.मामले में वृंदावन कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दिल्ली निवासी वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.आरोपी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से दूर था, लेकिन पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर उसे दबोच लिया. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया.

यह भी पढ़ें...

पुलिस के अनुसार आरोपी हर्ष गिरधर निवासी पीतमपुरा, दिल्ली ने करीब तीन माह पहले युवती से संपर्क किया था.आरोपी ने उसे अच्छी नौकरी दिलाने का भरोसा देकर अपने जाल में फंसाया और वृंदावन बुला लिया.आरोप है कि आरोपी युवती को फोगला आश्रम क्षेत्र स्थित एक गेस्ट हाउस में ले गया, जहां उसने युवती के साथ दुष्कर्म किया.वारदात के बाद आरोपी युवती को धमकाकर फरार हो गया.

घटना से आहत पीड़िता ने दिल्ली के मंडावली थाने में शिकायत दर्ज कराई. शुरुआती जांच में मामला वृंदावन क्षेत्र से जुड़ा पाए जाने पर केस को वृंदावन कोतवाली ट्रांसफर कर दिया गया. मामला सामने आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और वरिष्ठ अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए.

एसएसपी के निर्देशन में वृंदावन पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की. पुलिस लगातार आरोपी की लोकेशन और गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थी.इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी पानीघाट तिराहे के आसपास देखा गया है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और इलाके में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

आरोपी को पकड़ने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार पांडेय, हेड कांस्टेबल जितेंद्र यादव, हेड कांस्टेबल रितेश कुमार और कांस्टेबल नितिन मलिक की महत्वपूर्ण भूमिका रही.पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है और ऐसे मामलों में त्वरित एवं सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी.

वृंदावन पुलिस की इस कार्रवाई को महिला सुरक्षा के प्रति गंभीरता और सक्रिय पुलिसिंग का बड़ा उदाहरण माना जा रहा है.पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहन जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने पहले भी किसी अन्य महिला को इसी तरह निशाना तो नहीं बनाया.