Sultanpur Lal Peda Recipe: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले का लाल पेड़ा अपनी खास मिठास और अनोखे स्वाद के लिए दूर दूर तक मशहूर है. जिले में आने वाले लोग इस मिठाई का स्वाद लेना नहीं भूलते. देसी मावा, धीमी आंच पर लंबी भुनाई और खास तरीके से तैयार होने वाला यह पेड़ा हर किसी की पहली पसंद बन चुका है. यूपी Tak की 'One District One Cuisine' सीरीज में आज हम आपको बताएंगे कि घर पर कैसे स्वादिष्ट लाल पेड़ा तैयार किया जा सकता है. कुछ आसान स्टेप्स को फॉलो करके आप भी बाजार जैसा लाल पेड़ा घर में बना सकते हैं.
ADVERTISEMENT
लाल पेड़ा बनाने के लिए सामग्री
500 ग्राम मावा या खोया.
200 ग्राम चीनी पाउडर.
2 चम्मच देसी घी.
1 छोटा चम्मच इलायची पाउडर.
2 से 3 चम्मच दूध.
पिस्ता और बादाम सजावट के लिए.
ऐसे तैयार करें लाल पेड़ा
मावा को धीमी आंच पर भूनें
सबसे पहले एक भारी तले की कड़ाही लें. उसमें देसी घी डालकर मावा डालें और धीमी आंच पर लगातार चलाते रहें. करीब 15 से 20 मिनट तक भूनने के बाद मावा का रंग हल्का लाल होने लगेगा. यही प्रक्रिया लाल पेड़े को उसका खास स्वाद और रंग देती है.
चीनी और इलायची मिलाएं
मावा अच्छी तरह भुन जाए तो गैस बंद कर दें. थोड़ा ठंडा होने के बाद इसमें चीनी पाउडर और इलायची पाउडर डालकर अच्छे से मिक्स करें. अगर मिश्रण ज्यादा सूखा लगे तो थोड़ा दूध मिलाया जा सकता है.
पेड़े का आकार दें
अब हाथ में थोड़ा घी लगाकर मिश्रण के छोटे छोटे गोले बनाएं और उन्हें हल्का दबाकर पेड़े का आकार दें. ऊपर से पिस्ता या बादाम लगाकर सजाएं. कुछ देर खुली हवा में रखने के बाद पेड़े का स्वाद और भी बेहतर हो जाता है.
लाल पेड़ा बनाते समय ध्यान रखें ये बातें
- मावा हमेशा धीमी आंच पर ही भूनें.
- लगातार चलाते रहें ताकि मावा जले नहीं.
- ज्यादा भुनाई से पेड़े का रंग और स्वाद दोनों अच्छे आते हैं.
- देसी घी इस्तेमाल करने से मिठाई की खुशबू बढ़ जाती है.
सुल्तानपुर का लाल पेड़ा क्यों है खास?
सुल्तानपुर का लाल पेड़ा जिले की पहचान माना जाता है. त्योहारों और खास मौकों पर इसकी मांग काफी बढ़ जाती है. इसका देसी स्वाद और मुलायम बनावट लोगों को बार बार इसे खाने पर मजबूर कर देती है.
(इस खबर को यूपी TAK के साथ इंटर्नशिप कर रहे हर्ष पाण्डेय ने लिखा है.)
ADVERTISEMENT









