पति के साथ केदारनाथ गईं प्रज्ञा चलती ट्रेन से हो गई थीं गायब, अब उन्होंने सामने आकर सबको चौंका दिया

उत्तराखंड से लौटते वक्त ट्रेन से लापता हुई नवविवाहिता प्रज्ञा सिंह बिहार के बेगुसराय में सुरक्षित मिलीं. पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि पति से नाराजगी के कारण वह खुद ट्रेन से उतरी थीं. जानिए इस रहस्यमयी गुमशुदगी के पीछे की पूरी कहानी.

Pragya Singh found

यूपी तक

• 02:07 PM • 11 May 2026

follow google news

Pragya Singh found: उत्तराखंड में बाबा केदारनाथ के दर्शन कर लौट रही नवविवाहिता प्रज्ञा सिंह के लापता मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है. बीच रास्ते चलती ट्रेन से गायब हुई प्रज्ञा को पुलिस ने 10 मई को बिहार के बेगुसराय से खोज निकाला है. पुलिस पूछताछ में प्रज्ञा ने बताया कि वह  अपने पति मनीष से नाराज होकर ट्रेन से उतर गई थीं. फिलहाल पुलिस और प्रशासन दोनों से पूछताछ कर मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रहे हैं. 

यह भी पढ़ें...

क्या है पूरा मामला

ग्रेटर नोएडा में कार्यरत मनीष अग्रहरि और प्रज्ञा सिंह ने हाल ही में लव मैरिज किया था. शादी के बाद दोनों आशीर्वाद लेने केदारनाथ गए थे. वापसी के दौरान जब वे नंदा देवी एक्सप्रेस में सफर कर रहे थे तब मनीष की आंख लग गई. मुजफ्फरनगर स्टेशन के पास जब मनीष की नींद खुली तो प्रज्ञा अपनी सीट से गायब थीं. काफी तलाश के बाद भी जब प्रज्ञा नहीं मिलीं तो पुलिस को सूचित किया गया. जांच के दौरान प्रज्ञा के मोबाइल की आखिरी लोकेशन लक्सर में रेलवे ट्रैक के पास मिली थी, जिसके बाद से उनका फोन बंद आ रहा था. इससे किसी अनहोनी की आशंका जताई जा रही थी.

पुलिस की खोजबीन और सर्विलांस की मदद से आखिरकार प्रज्ञा का पता बिहार के बेगुसराय में चला. पुलिस के मुताबिक, प्रज्ञा पति मनीष से किसी बात पर नाराज थीं और इसी गुस्से में उन्होंने ट्रेन छोड़ दी और बिहार चली गईं. प्रज्ञा के सुरक्षित मिलने से उनके परिजनों ने राहत की सांस ली है.  हालांकि, पुलिस अभी भी कपल से पूछताछ कर रही है ताकि यह साफ हो सके कि नाराजगी की असल वजह क्या थी और वह लक्सर से बिहार कैसे पहुंचीं.