CM सुवेंदु के PA चंद्रनाथ को मारने वाला राज सिंह है 'क्षत्रिय महासभा का महासचिव', बलिया से उसकी एक-एक डिटेल सामने आई

बंगाल के चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में बलिया के राज सिंह उर्फ चंदन को अयोध्या से गिरफ्तार किया गया. आरोपी क्षत्रिय महासभा का महासचिव है और पहले भी मर्डर केस में आरोपी रहा है.

Photo: Raj Singh

यूपी तक

• 01:40 PM • 11 May 2026

follow google news

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पीए (PA) चंद्रनाथ रथ की हत्या की गूंज अब उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में जोर-शोर से सुनाई दे रही है. इस हाई-प्रोफाइल मर्डर मिस्ट्री में बलिया के एक रसूखदार युवक की गिरफ्तारी ने न केवल पुलिस महकमे, बल्कि राजनीतिक गलियारों में भी खलबली मचा दी है. मुख्यमंत्री के करीबियों में शुमार चंद्रनाथ रथ की हत्या के आरोप में पुलिस ने बलिया शहर के आनंद नगर निवासी राज सिंह उर्फ चंदन को गिरफ्तार किया है. राज सिंह की गिरफ्तारी उस वक्त हुई जब वह एक शादी समारोह से लौट रहा था.

यह भी पढ़ें...

अयोध्या में घेराबंदी के बाद हुई गिरफ्तारी

गिरफ्तारी का घटनाक्रम किसी फिल्मी सीन से कम नहीं था. बताया जा रहा है कि राज सिंह लखनऊ में एक बीजेपी नेता की बेटी की शादी में शामिल होने गया था. वहां से लौटते समय पुलिस ने अयोध्या में जाल बिछाया और उसे हिरासत में ले लिया. कोलकाता पुलिस और यूपी पुलिस के जॉइंट ऑपरेशन में यह बड़ी कामयाबी मिली है.

कौन है राज सिंह उर्फ चंदन?

राज सिंह केवल एक सामान्य युवक नहीं है, बल्कि स्थानीय राजनीति और सामाजिक संगठनों में उसका अच्छा-खासा दखल है. वह बलिया में क्षत्रिय महासभा का महासचिव बताया जा रहा है. उसके पिता स्वर्गीय केशव सिंह थे, जबकि मां जामवंती सिंह बलिया डाकघर में कार्यरत हैं. राज सिंह का दामन दागदार रहा है. साल 2020 में बलिया के चर्चित अंडा व्यवसायी हत्याकांड में भी उसका नाम मुख्य रूप से सामने आया था. उस मामले में वह फिलहाल जमानत पर बाहर चल रहा था.

राजनीतिक गलियारों में मच गया है हड़कंप

राज सिंह की गिरफ्तारी के बाद बलिया की सियासत गरमा गई है. सोशल मीडिया पर उसके कई फोटो जिले के कद्दावर बीजेपी नेताओं, मंत्रियों और विधायकों के साथ वायरल हो रहे हैं. सत्ताधारी दल के करीब दिखने वाले एक शख्स का बंगाल के इतने बड़े हत्याकांड में नाम आना कई सवाल खड़े कर रहा है.

SIT की जांच जारी

कोलकाता SIT अब राज सिंह से यह उगलवाने की कोशिश कर रही है कि चंद्रनाथ रथ की हत्या की सुपारी उसे किसने दी थी और इस साजिश में बलिया या बंगाल के कौन से रसूखदार लोग शामिल हैं.