CM Suvendu Adhikari PA Murder Update: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट (PA) चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और बिहार पुलिस के जॉइंट ऑपरेशन में बिहार और उत्तर प्रदेश से मयंक राज मिश्रा, विक्की मौर्य और राज सिंह को गिफ्तार किया गया. जांच में पता चला था कि चंद्रनाथ रथ की हत्या के बाद आरोपियों ने कोलकाता के पास बाली टोल प्लाजा पर यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस यानी UPI से पेमेंट किया था. इसी डिजिटल पेमेंट के जरिए पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है. बुधवार, 6 मई की रात कार में बैठे चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.
ADVERTISEMENT
इंडिया टुडे से जुड़े अनुपम मिश्रा और तपस सेनगुप्ता की रिपोर्ट के मुताबिक, रविवार 10 मई को मयंक राज मिश्रा और विक्की मौर्य को बिहार के बक्सर और राज सिंह को उत्तर प्रदेश के बलिया से हिरासत में लिया गया था. बाद में पूछताछ करने पर तीनों को रविवार 11 मई की सुबह पश्चिम बंगाल के मध्यमग्राम थाने की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. तीनों को 11 मई को ही नॉर्थ 24 परगना जिले के बारासात में डिस्ट्रिक्ट एंड सेशन जज कोर्ट में पेश किया गया.
UPI पेमेंट और CCTV फुटेज से जांच तेज
UPI पेमेंट के सबूत मिले तो जांच कर रही स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने टोल प्लाजा के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली. डिजिटल सबूतों के जरिए आरोपियों की पहचान और भागने के रास्ते का पता लगाया गया. रिपोर्ट के मुताबिक, SIT के एक सीनियर अधिकारी ने कहा, "लगता है शूटरों को ठीक-ठीक पता था कि टारगेट कहां बैठा है. यह काम फुर्ती से और सोच-समझकर किया गया था."
पुलिस को शक है कि हत्या पूरी प्लानिंग के साथ की गई. हमलावरों को पहले से पता था कि चंद्रनाथ रथ कार में कहां बैठे हैं. जांच में यह भी सामने आया है कि इस वारदात में करीब 8 लोग शामिल हो सकते हैं. इनमें कुछ लोकल लोग भी हो सकते हैं, जिन्होंने हमलावरों की मदद की.
यूपी-बिहार तक पहुंची जांच
पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई सिल्वर निसान माइक्रा कार और दो बाइक बरामद कर ली हैं. एक बाइक वारदात की जगह से मिली और दूसरी बारासात इलाके से. शुरुआती जांच में पता चला है कि ये कार और बाइक चोरी की थीं. मामले की जांच के लिए पुलिस की टीमें उत्तर प्रदेश और बिहार भी भेजी गई हैं. शक है कि शूटर बाहर से बुलाए गए थे.
ऐसे हुई चंद्रनाथ रथ की हत्या
4 मई के चुनाव नतीजे में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने प्रचंड बहुमत के साथ तृणमूल कांग्रेस (TMC) को हरा दिया. 207 सीटें जीतकर राज्य में पहली बार BJP को सरकार बनाने का मौका मिला. बुधवार, 6 मई की रात शुभेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट चंद्रनाथ रथ अपनी SUV कार से नॉर्थ 24 परगना जिले के मध्यमग्राम स्थित घर लौट रहे थे.
पुलिस के मुताबिक, तभी मध्यमग्राम इलाके में उनके घर से करीब 200 मीटर पहले एक सिल्वर रंग की निसान माइक्रा कार ने उनकी गाड़ी को रोक लिया. जैसे ही कार रुकी, बाइक पर आए बदमाशों ने बहुत करीब से गोलियां चला दीं. गोली लगने से कार में अगली सीट पर बैठे चंद्रनाथ रथ की मौके पर ही मौत हो गई.
चंद्रनाथ रथ भारतीय वायुसेना में सेवा दे चुके थे. उनकी मौत के बाद उनके पार्थिव शरीर को पुरबा मेदिनीपुर जिला स्थित उनके पैतृक गांव कुलुप ले जाया गया, जहां लोगों ने उन्हें आखिरी विदाई दी.
ADVERTISEMENT









