अमरोहा के दुष्यंत को उसकी मां-पिता और भाई ने ही ठिकाने लगवा दिया, इस हत्याकांड के पीछे की वजह ये निकली

बीएस आर्य

• 01:48 PM • 11 May 2026

UP News: उत्तर प्रदेश के अमरोहा में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. यहां बेटे की हत्या की साजिश, उसके मां-पिता और भाई ने ही रच डाली.

amroha, amroha news, amroha crime, amroha police, up news

UP News

Google CTA

UP News: उत्तर प्रदेश के अमरोहा में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. यहां बेटे की आपराधिक हरकतों और मारपीट से परेशान होकर मां-बाप और भाई ने ही सुपारी देकर उसकी हत्या करवा दी. फिलहाल पुलिस ने आरोपी पिता और भाई को गिरफ्तार कर लिया है. 

यह भी पढ़ें...

सनसनीखेज मामला

मिली जानकारी के मुताबिक, 9 मई के दिन ग्राम श्यामपुर के जंगल में युवक की लाश मिली थी. तभी से डिडौली पुलिस मामले की जांच कर रही थी. युवक के सिर पर चोट के निशान थे. युवक की पहचान दुष्यंत पुत्र पीतम सिंह के तौर पर हुई थी. मृतक नसीरपुर का रहने वाला था. मृतक के पिता पीतम सिंह ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया था. 

पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. पुलिस के मुताबिक, मृतक दुष्यंत आपराधिक प्रवृत्ति का था. वह शराब भी पीता था. वह अपने माता-पिता, भाई-भाभी, दादा-दादी से गाली-गलौज और मारपीट तक करता था. उसकी हरकतों से परेशान होकर उसके भाई संकित, पिता पीतम सिंह और मां माया देवी ने हत्या की साजिश रची. परिवार ने 55 हजार रुपये जमा किए और ढैला नगला निवासी जोगेन्द्र उर्फ जोली को बेटे की सुपारी दे दी. वादा किया कि काम होने के बाद उसे 5 लाख रुपये भी दिए जाएंगे.
 
8-9 मई की रात संकित, जोगेन्द्र और 2 अन्य लोगों ने मिलकर दुष्यंत की हत्या कर दी. शव श्यामपुर के जंगल में सूखी नहर में फेंक दिया. बता दें कि अब पुलिस ने संकित और पीतम सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. मां माया देवी, सुपारी किलर जोगेन्द्र उर्फ जोली और 2 अन्य आरोपी फरार हैं. पुलिस टीमें तलाश में जुटी हैं.

पुलिस ने ये बताया

इस मामले को लेकर एसपी ने बताया, मृतक के पिता पीतम सिंह ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया था. परिवार ने ही बेटे की हत्या करवाई थी. मृतक आपराधिक प्रवृत्ति का था. उसकी हरकतों से परेशान होकर उसके भाई संकित, पिता पीतम सिंह और मां माया देवी ने ये साजिश रची.  जोगेन्द्र उर्फ जोली को सुपारी दी. फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा.