दिवाली-छठ से पहले यूपी, बिहार, पश्चिम बंगाल को मिली नई 5 स्पेशल ट्रेनों की सौगात, इन स्टेशनों पर मिलेगा ठहराव

आयशा शेख़

• 12:13 PM • 17 Sep 2026

Festival Special Trains: त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने नई दिल्ली, आनंद विहार, अमृतसर और योग नगरी ऋषिकेश से कई फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें चलाने का ऐलान किया है. इन ट्रेनों से यूपी, बिहार, पश्चिम बंगाल और अन्य राज्यों के यात्रियों को अतिरिक्त सफर विकल्प मिलेगा.

UP Tak
Google CTA

Festival Special Trains: त्योहारी सीजन में घर जाने की तैयारी कर रहे रेल यात्रियों के लिए रेलवे ने स्पेशल ट्रेनों का ऐलान किया है... यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए नई दिल्ली, आनंद विहार, अमृतसर और योग नगरी ऋषिकेश से कई रूट पर फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी. इन ट्रेनों से उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल और दूसरे राज्यों के यात्रियों को सफर में सुविधा मिलने की उम्मीद है.

यह भी पढ़ें...

रेलवे की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, इन ट्रेनों में एसी, स्लीपर और जनरल कोच की सुविधा होगी. कुछ ट्रेनें अक्टूबर से नवंबर तक चलेंगी, जबकि कुछ का संचालन दिसंबर तक जारी रहेगा. इसके अलावा, नई दिल्ली-दनापुर स्पेशल ट्रेन के फेरे भी बढ़ाए गए हैं. आइए जानते हैं कि इन ट्रेनों का रूट क्या होगा और यूपी के किन स्टेशनों पर ठहराव मिलेगा? 

नई दिल्ली-हावड़ा फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन

रेलवे ट्रेन नंबर 04052/04051 नई दिल्ली-हावड़ा-नई दिल्ली रिजर्व्ड फेस्टिवल वीकली स्पेशल का संचालन करेगा. नई दिल्ली से ट्रेन 2 अक्टूबर से 27 नवंबर 2026 तक चलेगी, जबकि हावड़ा से इसकी सेवा 4 अक्टूबर से 29 नवंबर 2026 तक जारी रहेगी. दोनों दिशाओं में कुल 9 फेरे निर्धारित किए गए हैं. नई दिल्ली से ट्रेन शुक्रवार और हावड़ा से रविवार को रवाना होगी. इसमें एसी, स्लीपर और जनरल कोच होंगे.

नई दिल्ली से चलने वाली ट्रेन शाम 6:15 बजे रवाना होगी. रास्ते में गाजियाबाद, अलीगढ़, टुंडला, गोविंदपुरी, सुबेदारगंज, मिर्जापुर और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन समेत कई स्टेशनों पर ठहराव होगा. इसके बाद ट्रेन बक्सर, आरा, पटना, किऊल, झाझा, जसीडीह, आसनसोल, दुर्गापुर और बर्द्धमान होते हुए हावड़ा पहुंचेगी. हावड़ा पहुंचने का निर्धारित समय रात 11:40 बजे है.

आनंद विहार-भागलपुर स्पेशल ट्रेन

दिल्ली और बिहार के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ट्रेन नंबर 04062/04061 आनंद विहार टर्मिनल-भागलपुर-आनंद विहार टर्मिनल रिजर्व्ड फेस्टिवल स्पेशल चलाएगा. आनंद विहार से ट्रेन 10 अक्टूबर से 25 नवंबर 2026 तक और भागलपुर से 11 अक्टूबर से 26 नवंबर 2026 तक चलेगी. दोनों दिशाओं में 47 फेरे निर्धारित किए गए हैं. ट्रेन रोजाना चलेगी और इसमें एसी, स्लीपर व जनरल कोच होंगे.

आनंद विहार से ट्रेन दोपहर 12 बजे रवाना होगी. इसका ठहराव अलीगढ़, टुंडला, गोविंदपुरी और सुबेदारगंज में होगा. इसके बाद मिर्जापुर के रास्ते पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पहुंचेगी. आगे भभुआ रोड, सासाराम, डेहरी ऑन सोन, गया, नवादा, किऊल, जमालपुर और सुल्तानगंज होते हुए भागलपुर जाएगी. निर्धारित समय के अनुसार ट्रेन अगले दिन दोपहर 1:30 बजे भागलपुर पहुंचेगी.

योग नगरी ऋषिकेश-कोलकाता साप्ताहिक स्पेशल

उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए ट्रेन नंबर 04312/04311 योग नगरी ऋषिकेश-कोलकाता-योग नगरी ऋषिकेश रिजर्व्ड फेस्टिवल वीकली स्पेशल चलाई जाएगी. ऋषिकेश से ट्रेन 16 अक्टूबर से 20 नवंबर 2026 तक और कोलकाता से 18 अक्टूबर से 22 नवंबर 2026 तक संचालित होगी. दोनों दिशाओं में 6 फेरे निर्धारित हैं. ऋषिकेश से ट्रेन शुक्रवार और कोलकाता से रविवार को चलेगी.

ट्रेन योग नगरी ऋषिकेश से चलकर हरिद्वार, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, आलमनगर, उटरतिया जंक्शन, रायबरेली, मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ और वाराणसी पहुंचेगी. इसके बाद पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, गया, धनबाद, आसनसोल, दुर्गापुर, बर्द्धमान और बंडेल होते हुए कोलकाता जाएगी. ट्रेन में एसी, स्लीपर और जनरल कोच की सुविधा होगी.

अमृतसर-कोलकाता साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन

रेलवे ने ट्रेन नंबर 04624/04623 अमृतसर-कोलकाता-अमृतसर रिजर्व्ड वीकली स्पेशल चलाने की भी घोषणा की है. अमृतसर से ट्रेन 7 अक्टूबर से 25 नवंबर 2026 तक और कोलकाता से 10 अक्टूबर से 28 नवंबर 2026 तक चलेगी. अमृतसर से बुधवार और कोलकाता से शनिवार को इसका संचालन होगा. दोनों दिशाओं में कुल 8 फेरे निर्धारित किए गए हैं. ट्रेन में एसी, स्लीपर और जनरल कोच होंगे.

इस ट्रेन का ठहराव अंबाला कैंट, यमुनानगर-जगाधरी, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर, गोंडा और गोरखपुर समेत कई स्टेशनों पर होगा. आगे कप्तानगंज, बगहा, नरकटियागंज, बेतिया, सगौली, बापूधाम मोतिहारी, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, बरौनी, किऊल और झाझा होते हुए कोलकाता पहुंचेगी. इससे इस रूट पर सफर करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त ट्रेन विकल्प मिल सकेगा.

अमृतसर-बरौनी स्पेशल ट्रेन

त्योहारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ट्रेन नंबर 04668/04667 अमृतसर जंक्शन-बरौनी जंक्शन-अमृतसर जंक्शन रिजर्व्ड वीकली स्पेशल भी चलाएगा. अमृतसर से ट्रेन 4 अक्टूबर से 29 नवंबर 2026 तक और बरौनी से 6 अक्टूबर से 1 दिसंबर 2026 तक चलेगी. अमृतसर से रविवार और बरौनी से मंगलवार को ट्रेन का संचालन होगा. दोनों दिशाओं में 9 फेरे निर्धारित किए गए हैं.

ट्रेन सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, हरदोई, आलमनगर, रायबरेली, प्रतापगढ़ और वाराणसी समेत कई स्टेशनों पर रुकेगी. इसके बाद औंड़िहार, गाजीपुर सिटी, बलिया, छपरा, सोनपुर, हाजीपुर और शाहपुर पटोरी होते हुए बरौनी पहुंचेगी. इसमें एसी, स्लीपर और जनरल कोच उपलब्ध होंगे. त्योहार के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार जाने वाले यात्रियों के लिए ट्रेन एक अतिरिक्त विकल्प हो सकती है.

नई दिल्ली-दनापुर स्पेशल ट्रेन के फेरे बढ़े

रेलवे ने ट्रेन नंबर 04090/04089 नई दिल्ली-दनापुर-नई दिल्ली रिजर्व्ड सुपरफास्ट स्पेशल एक्सप्रेस की अवधि भी बढ़ा दी है. नई दिल्ली से दनापुर जाने वाली ट्रेन 2 अक्टूबर से 20 नवंबर 2026 तक चलेगी और इस दिशा में 8 अतिरिक्त फेरे निर्धारित किए गए हैं. वहीं, दनापुर से नई दिल्ली जाने वाली ट्रेन 3 अक्टूबर से 21 नवंबर 2026 तक चलेगी और इसके भी 8 अतिरिक्त फेरे होंगे.

नई दिल्ली से ट्रेन शुक्रवार को और दनापुर से शनिवार को रवाना होगी. इस विस्तार से त्योहारों के दौरान दिल्ली और बिहार के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त ट्रेन विकल्प मिल सकेगा.