धर्मनगरी वाराणसी के विश्वप्रसिद्ध श्री काशी विश्वनाथ मंदिर को नया मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) मिल गया है. शासन ने PCS अधिकारी सत्यम मिश्रा को मंदिर एवं विशिष्ट क्षेत्र विकास परिषद का नया सीईओ नियुक्त किया है. इससे पहले वे प्रयागराज में अपर जिलाधिकारी (नगर) के पद पर तैनात थे.
ADVERTISEMENT
दरअसल, बीते दो दिनों से इस पद को लेकर काफी सुगबुगाहट चल रही थी. लंबे समय से मंदिर के सीईओ की जिम्मेदारी संभाल रहे डॉ. विश्वभूषण मिश्रा का दो दिन पहले ही तबादला किया गया था. जिसके बाद से ही नए अफसर की नियुक्ति को लेकर कयास लगाए जा रहे थे.
प्रयागराज से काशी तक का सफर
उत्तर प्रदेश शासन की ओर से जारी तबादला सूची के अनुसार, PCS सत्यम मिश्रा को प्रयागराज से ट्रांसफर कर सीधे बाबा विश्वनाथ की नगरी में अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है.
प्रशासनिक गलियारों में इस बदलाव की काफी चर्चा है, क्योंकि काशी विश्वनाथ धाम के भव्य निर्माण के बाद यहां आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में रिकॉर्ड बढ़ोतरी हुई है. ऐसे में व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से बनाए रखना और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का ध्यान रखना नए सीईओ के लिए एक बड़ी और जिम्मेदार चुनौती होगी.
इन अधिकारियों की भी बदली जिम्मेदारी
शासन ने केवल काशी विश्वनाथ मंदिर ही नहीं, बल्कि कई अन्य अधिकारियों के दायित्वों में भी बदलाव किया है. मंगलेश दुबे उपसंचालक चकबंदी (प्रयागराज) को अब अपर जिलाधिकारी (नगर), प्रयागराज का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है.
अरविन्द कुमार द्विवेदी अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), फिरोजाबाद से ट्रांसफर कर संयुक्त सचिव, लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) बनाए गए हैं. सीमा पाण्डेय अपर नगर आयुक्त (वाराणसी) को अब अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), फिरोजाबाद के पद पर भेजा गया है.
अभय कुमार पाण्डेय कासगंज तबादले के आदेश को निरस्त करते हुए उन्हें कानपुर विकास प्राधिकरण (KDA) के पद पर ही बनाए रखने का निर्णय लिया गया है.
ADVERTISEMENT











