UP Government Jobs Alert: यूपी में 15012 पदों पर शिक्षक भर्ती शुरू, किन-किन दिन होगी परीक्षा?

पंकज श्रीवास्तव

16 Sep 2026 (अपडेटेड: 16 Sep 2026, 10:12 AM)

उत्तर प्रदेश में शिक्षक बनने का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है. प्रदेश में कुल 15,012 शिक्षक पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई है. यूपी शिक्षा सेवा चयन आयोग ने सहायक अध्यापक और प्रवक्ता संवर्ग यानी पीजीटी के पदों के लिए विज्ञापन जारी कर दिया है.

UP Teacher Recruitment 2026 (Photo:AI)

UP Teacher Recruitment 2026 (Photo:AI)

Google CTA

UP Teacher Recruitment 2026: उत्तर प्रदेश में शिक्षक बनने का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है. प्रदेश में कुल 15,012 शिक्षक पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई है. यूपी शिक्षा सेवा चयन आयोग ने सहायक अध्यापक और प्रवक्ता संवर्ग यानी पीजीटी के पदों के लिए विज्ञापन जारी कर दिया है. सूचना एवं जनसंपर्क विभाग उत्तर प्रदेश की पत्र सूचना शाखा के मुताबिक माध्यमिक शिक्षा विभाग में 897 सहायक अध्यापक सम्बद्ध प्राइमरी और बेसिक शिक्षा विभाग में 11,508 सहायक अध्यापक शहरी पदों पर भर्ती होगी. इसके अलावा प्रवक्ता संवर्ग के 2,607 पदों के लिए भी विज्ञापन जारी किया गया है. कुल भर्ती के लिए आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने विज्ञापन जारी किए हैं.

यह भी पढ़ें...

सहायक अध्यापक भर्ती के लिए 16 सितंबर से आवेदन

सहायक अध्यापक सम्बद्ध प्राइमरी और सहायक अध्यापक शहरी के पदों के लिए विज्ञापन संख्या 05/2026 जारी किया गया है. यह विज्ञापन 15 सितंबर 2026 को जारी हुआ. अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण और आवेदन की प्रक्रिया 16 सितंबर 2026 से शुरू होगी. आवेदन के लिए शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 15 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है, जबकि आवेदन में संशोधन करने की अंतिम तारीख 19 अक्टूबर 2026 होगी. इन पदों के लिए लिखित परीक्षा 3 और 4 दिसंबर 2026 को आयोजित की जाएगी. अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले आयोग की ओर से जारी विस्तृत विज्ञापन और निर्देशों को ध्यान से पढ़ने की सलाह दी गई है.

PGT के 2,607 पदों पर भी भर्ती

प्रवक्ता संवर्ग यानी पीजीटी के 2,607 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन संख्या 06/2026 जारी किया गया है. आयोग ने यह विज्ञापन भी 15 सितंबर 2026 को जारी किया. PGT पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 18 सितंबर 2026 से शुरू होगी. अभ्यर्थियों को आवेदन शुल्क जमा करने के लिए 17 अक्टूबर 2026 तक का समय दिया गया है. वहीं आवेदन में किसी तरह का संशोधन करने की अंतिम तारीख 21 अक्टूबर 2026 तय की गई है. PGT पदों के लिए परीक्षा 15 और 16 दिसंबर 2026 को होगी.

OTR के बिना नहीं कर सकेंगे आवेदन

शिक्षक भर्ती में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए आयोग ने वन टाइम रजिस्ट्रेशन यानी OTR व्यवस्था अनिवार्य कर दी है. अभ्यर्थियों को पहले OTR प्रक्रिया पूरी करनी होगी और इसके बाद ही भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन किया जा सकेगा. आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार की ओर से जारी विज्ञापनों में आवेदन से जुड़ी सभी जरूरी शर्तें और निर्देश दिए गए हैं. अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि आवेदन करने से पहले अपनी पात्रता और अन्य नियमों की पूरी जानकारी जरूर जांच लें.

यहां मिलेगा भर्ती का पूरा विवरण

आयोग ने अभ्यर्थियों से कहा है कि वे भर्ती से जुड़ी पूरी जानकारी के लिए http://upessc.up.gov.in पर जारी विस्तृत विज्ञापन और निर्देश पुस्तिका जरूर पढ़ें. सहायक अध्यापक पदों के लिए आवेदन 16 सितंबर से 15 अक्टूबर तक और PGT पदों के लिए 18 सितंबर से 17 अक्टूबर तक किए जा सकेंगे. ऐसे में अभ्यर्थियों को आवेदन की अंतिम तारीख का इंतजार करने के बजाय समय रहते OTR पूरा करने और ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है. दोनों भर्तियों की परीक्षा की तारीखें भी आयोग ने पहले ही घोषित कर दी हैं, जिससे अभ्यर्थी अपनी तैयारी उसी के अनुसार कर सकते हैं.