UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में मानसून अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ रहा है, लेकिन बारिश का दौर अभी पूरी तरह थमा नहीं है. मौसम विभाग के 15 सितंबर को जारी बुलेटिन के मुताबिक, 16 सितंबर को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश, दोनों हिस्सों में कुछ जगहों पर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं.
ADVERTISEMENT
हालांकि राहत की बात है कि 16 सितंबर के लिए मौसम विभाग ने प्रदेश के किसी भी हिस्से में कोई चेतावनी जारी नहीं की है. बारिश की संभावना है, लेकिन भारी बारिश या किसी बड़े मौसम खतरे का अलर्ट नहीं है.
तो क्या कल पूरे यूपी में बारिश होगी? नहीं. IMD के जिला-वार मैप में कई जिलों में बारिश का अनुमान है, जबकि कुछ जिले सूखे यानी बारिश से बाहर दिखाए गए हैं. यही वजह है कि कल का मौसम एक जैसा नहीं रहेगा.
16 सितंबर को कहां-कहां होगी बारिश?
IMD के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बड़े हिस्से में हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारों की संभावना है. सहारनपुर से लेकर बिजनौर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, मुरादाबाद, रामपुर, अमरोहा, संभल और बरेली के आसपास के जिलों में मैप पर बारिश का संकेत दिया गया है.
इसके अलावा आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, इटावा, औरैया, फर्रुखाबाद, कन्नौज, हरदोई, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव और लखनऊ समेत कई जिलों में भी बारिश का अनुमान है.
मध्य और दक्षिणी यूपी की तरफ देखें तो फतेहपुर, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, संत रविदास नगर, मिर्जापुर और चंदौली जैसे जिलों में मैप पर बारिश की संभावना दिखाई गई है. बुंदेलखंड के कुछ हिस्सों में बारिश का असर बाकी क्षेत्रों के मुकाबले थोड़ा ज्यादा रह सकता है.
पूर्वी यूपी में भी बारिश से पूरी तरह राहत नहीं
पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी 16 सितंबर को मौसम पूरी तरह सूखा नहीं रहेगा. IMD ने यहां भी कुछ जगहों पर बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है.
गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर के आसपास और आजमगढ़, मऊ, जौनपुर, गाजीपुर, बलिया की तरफ बारिश के संकेत नजर आ रहे हैं. वहीं अयोध्या, अमेठी, सुल्तानपुर और अंबेडकरनगर समेत कई जिलों में भी बारिश की संभावना है.
इन जिलों में बारिश के आसार कम
आज लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, गोंडा, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, बस्ती और संत कबीर नगर समेत कई जिलों में बारिश का रंग नहीं दिख रहा है. इसी तरह बदायूं, शाहजहांपुर, अलीगढ़, कासगंज, बुलंदशहर और गौतम बुद्ध नगर के आसपास भी मैप पर बारिश का संकेत नहीं है.
बिजली चमकने को लेकर क्या है अपडेट?
बारिश के साथ अक्सर सबसे बड़ा खतरा आकाशीय बिजली का रहता है, लेकिन 16 सितंबर के लिए इस मामले में भी राहत है. मौसम विभाग ने पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश दोनों के लिए कोई चेतावनी नहीं दी है.
हालांकि जहां गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ें, वहां लोगों को सामान्य सावधानी जरूर रखनी चाहिए. खासकर खुले मैदान में बारिश के दौरान रुकने से बचना बेहतर रहेगा.
ADVERTISEMENT











