उत्तर प्रदेश में लंबे समय से सरकारी शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी आई है. उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत कुल 15,012 शिक्षक पदों पर भर्ती का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. इसमें प्रवक्ता (PGT) और सहायक अध्यापकों के पद शामिल हैं. वहीं दूसरी ओर गोरखपुर में आयोजित लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस भर्ती का जिक्र करते हुए बड़ा ऐलान किया. सीएम योगी ने कहा कि आगामी 6 महीनों के भीतर यानी विधानसभा चुनाव की घोषणा से पहले प्रदेश सरकार 1 लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी उपलब्ध कराएगी.शिक्षक भर्ती के इस विज्ञापन और मुख्यमंत्री के 1 लाख सरकारी नौकरियों के बड़े वादे के बाद से ही यूपी के प्रतियोगी छात्रों और युवाओं में भारी उत्साह का माहौल है.
ADVERTISEMENT
15,012 पदों पर निकली भर्ती
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार के अनुसार, आयोग ने कुल 15012 पदों के लिए दो अलग-अलग नोटिफिकेशन जारी किए हैं. इनमें आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
सहायक अध्यापक (शहरी - बेसिक शिक्षा विभाग): 11,508 पद
प्रवक्ता - PGT (माध्यमिक शिक्षा विभाग - अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालय): 2,607 पद
सहायक अध्यापक (सम्बद्ध प्राइमरी - अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालय): 897 पद
बिना भेदभाव मिलेगी 1 लाख नौकरियां-सीएम योगी
गोरखपुर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश के नौजवानों को बिना किसी भेदभाव के पारदर्शी तरीके से नौकरी देना सरकार की प्राथमिकता है. शिक्षक भर्ती का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने कहा 'आज ही आपने देखा होगा कि बेसिक और माध्यमिक विद्यालयों में टीजीटी-पीजीटी शिक्षकों की नियुक्ति के विज्ञापन जारी हो गए हैं और आज से ही आवेदन मंगाने का काम प्रारंभ हो चुका है.'
सीएम ने आगे कहा 'हमने तय कर रखा है कि अगले 6 महीने के अंदर यानी विधानसभा चुनाव की घोषणा से पहले उत्तर प्रदेश के 1 लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी उपलब्ध करवाएंगे. यह काम परसों 19 तारीख से शुरू होने जा रहा है.'
साढ़े 9 लाख नौकरियों का दिया हिसाब
मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार के पिछले कार्यकाल से लेकर अब तक के रोजगार के आंकड़े शेयर करते हुए कहा कि राज्य सरकार अब तक साढ़े नौ (9.5) लाख नौजवानों को सरकारी नौकरियां दे चुकी है. अब 19 तारीख से शुरू हो रहे नए रोजगार अभियान के जरिए 1 लाख और युवाओं को सरकारी नौकरी के अवसर दिए जाएंगे.
ये भी पढ़ें: प्रयागराज से वाराणसी तक PCS अफसरों के तबादले, काशी विश्वनाथ मंदिर को मिले नए CEO
ADVERTISEMENT











