मुरादाबाद में प्राइवेट स्कूलों पर DM की सख्ती! फीस, ड्रेस और किताबों पर बड़ा एक्शन, NCERT अनिवार्य

Moradabad News: मुरादाबाद के जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पेंसिया ने प्राइवेट स्कूलों की मनमानी पर सख्त रुख अपनाया है. एनसीईआरटी किताबें, फीस और ड्रेस से जुड़े नियमों का उल्लंघन करने पर 5 लाख तक जुर्माना और मान्यता रद्द होगी.

Moradabad News

Newzo

• 06:23 PM • 11 May 2026

follow google news

Moradabad News: मुरादाबाद के नए जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पेंसिया जिले के प्राइवेट स्कूलों की मनमानी पर नकेल लगाने की पूरी तैयारी कर चुके हैं. आज कलेक्ट्रेट सभागार में जनपदीय शुल्क नियामक समिति, पैरेंट्स टीचर्स एसोसिएशन, निजी स्कूल संचालकों के साथ आयोजित एक बैठक में जिलाधिकारी राजेंद्र पेंसिया ने साफ निर्देश दिए कि कक्षा 1 से 12 तक एनसीईआरटी की किताबों से पढ़ाई सुनिश्चित की जाए.

यह भी पढ़ें...

दरअसल, स्कूलों में मनवाने तरीके से फीस बढ़ाना, किताबें बदलना, ड्रेस बदलने अब आसान नहीं होगा. ऐसे मामलों की रोकथाम के लिए एक विशेष समिति का गठन किया जा रहा है. गठित समिति 15 दिनों के अंदर जिले के सभी प्राइवेट स्कूलों के रिकॉर्ड की जांच कर प्रशासन को रिपोर्ट सौंपेगी अनियमितता मिलने पर संबंधित स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. जिलाधिकारी के सख्त रूख के बाद जहां एक और अभिभावकों में राहत की उम्मीद बढ़ गई है, वहीं दूसरी ओर निजी स्कूलों में हड़कंप मचा हुआ है.

जिलाधिकारी का कहना है कि अधिकारियों एवं अध्यापकों की संयुक्त टीम जिले के प्रत्येक स्कूल में जाकर पोशाक, गणवेश उसके अतिरिक्त जूते मोजे व एनसीईआरटी के अतिरिक्त पुस्तकों की स्थिति क्या है इसकी जांच करेगी. उसके बाद 2018 अधिनियम और सीबीएसई के 2024 के आदेश के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.

अनियमित मिलने पर एक लाख से 5 लाख तक का जुर्माना

जिलाधिकारी का कहना है कि 2018 अधिनियम व सीबीएसई 2024 के आदेश का उल्लंघन करने वाले स्कूलों के खिलाफ प्रथम बार 1 लाख रुपए का जुर्माना, द्वितीय बार 5 लाख रुपए का जुर्माना व तीसरी बार मान्यता रद्द करने की कार्रवाई की जाएगी.