Ramnagar temple incident Barabanki : जनपद बाराबंकी की तहसील रामनगर अंतर्गत ग्राम पंचायत बिठौरा में सोमवार को स्थित सागर दास महाराज जी के स्थान पर बने हनुमान मंदिर की प्रतिमा को अराजक तत्वों द्वारा खंडित किए जाने का मामला सामने आया है. घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए.
ADVERTISEMENT
सूचना मिलने पर थाना प्रभारी रामनगर अरुण प्रताप सिंह तत्काल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. उन्होंने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी. थाना प्रभारी ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाएगी, जिससे घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा सके.
घटना की सूचना पर विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के पदाधिकारी भी मौके पर पहुंचे. इस दौरान विश्व हिंदू परिषद जिला मंत्री राहुल कुमार, प्रखंड अध्यक्ष रमाकांत वर्मा, बजरंग दल प्रखंड सहसंयोजक त्रिभुवन मौर्य, प्रखंड कॉलेज विद्यार्थी संपर्क प्रमुख आशुतोष दुबे तथा नगर संयोजक गोलू त्रिपाठी मौजूद रहे। सभी ने प्रशासन से त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की.
विश्व हिंदू परिषद जिला मंत्री राहुल वर्मा ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि कुछ जिहादी मानसिकता के लोगों ने धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का कार्य किया है. उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मंदिर में शीघ्र नई प्रतिमा स्थापित कराई जाए तथा घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए.
ग्रामीणों ने भी प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और धार्मिक स्थलों पर निगरानी बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
ADVERTISEMENT









