Barabanki temple corridor project: जनपद की तहसील रामनगर स्थित सुप्रसिद्ध तीर्थ स्थल श्री लोधेश्वर महादेव धाम में सोमवार दोपहर करीब 1 बजे प्रशासन ने कॉरिडोर निर्माण कार्य को गति देते हुए अधिग्रहित मकानों को गिराने की कार्रवाई शुरू कर दी. जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह के निर्देश पर उपजिलाधिकारी रामनगर आनंद कुमार तिवारी की देखरेख तथा तहसीलदार विपुल सिंह की मौजूदगी में पर्यटन विभाग और तहसील प्रशासन की संयुक्त टीम ने बुलडोजर के माध्यम से अभियान चलाया.
ADVERTISEMENT
मंदिर परिसर के पीछे स्थित अजय अवस्थी के मकान को सबसे पहले गिराया गया. प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार पर्यटन विभाग द्वारा करीब 30 मकानों का अधिग्रहण किया गया है. पर्यटन विभाग की अधिकारी मनीषा चौधरीवने बताया कि श्री लोधेश्वर महादेव धाम कॉरिडोर निर्माण योजना को लंबे समय से तैयार किया जा रहा था और अब इस पर तेजी से अमल शुरू कर दिया गया है.
“मुआवजे की राशि प्राप्त नहीं हुई”
स्थानीय निवासी जय नारायण अवस्थी ने बताया कि उनके दो मकान अधिग्रहण की जद में आए हैं. उन्होंने कहा कि प्रशासन ने मकानों को गिराने की कार्रवाई आरंभ कर दी है, लेकिन अब तक उन्हें मुआवजे की राशि प्राप्त नहीं हुई है. उन्होंने शासन से जल्द मुआवजा दिलाने की मांग की.
दर्जनों पुलिसकर्मियों ने सँभाली सुरक्षा व्यवस्था
कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा. सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह, चौकी इंचार्ज अभिनंदन पांडे, सब इंस्पेक्टर रविंद्र सिंह, राज कनौजिया और सुभाष चंद्र सहित दर्जनों पुलिसकर्मियों ने संभाली.
भव्य कॉरिडोर निर्माण
उपजिलाधिकारी आनंद कुमार तिवारी ने बताया कि मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा और पर्यटन विकास को ध्यान में रखते हुए भव्य कॉरिडोर निर्माण कराया जा रहा है. इसी क्रम में अधिग्रहित भवनों को हटाने की कार्रवाई की जा रही है, ताकि विकास कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जा सके. इस अवसर पर नायब तहसीलदार विजय प्रकाश तिवारी, ग्राम प्रधान अजय कुमार तिवारी, अमित अवस्थी राजस्व लेखपाल संतोष सहित कई लोग उपस्थित रहे.
ADVERTISEMENT









