सपा सांसद अजेंद्र लोधी ने PM मोदी को कैमरे पर कहे अपशब्द, सीएम योगी ने भड़कर खूब सुना दिया

नाहिद अंसारी

12 May 2026 (अपडेटेड: 12 May 2026, 09:50 AM)

Ajendra Lodhi on PM Modi: महोबा में प्रदर्शन के दौरान सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी ने प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किया. CM योगी आदित्यनाथ और रवि किशन ने जताई कड़ी आपत्ति.

SP MP Ajendra Singh Lodhi

SP MP Ajendra Singh Lodhi

Google CTA

SP MP Ajendra Lodhi on Modi: उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में समाजवादी पार्टी का एक विरोध प्रदर्शन उस समय बड़े राजनीतिक विवाद में तब्दील हो गया, जब हमीरपुर-महोबा सीट से सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ बेहद अमर्यादित और अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल किया. कलेक्ट्रेट में ज्ञापन सौंपने पहुंचे सांसद के इस आचरण का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत बीजेपी के दिग्गज नेताओं ने तीखा पलटवार किया है.

यह भी पढ़ें...

बता दें कि सोमवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता बिजली कटौती, स्मार्ट मीटर और बढ़ती महंगाई जैसे मुद्दों को लेकर महोबा कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर रहे थे. सांसद अजेंद्र सिंह लोधी और जिलाध्यक्ष शोभा लाल यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ता राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपने पहुंचे थे. इसी दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए सांसद की जुबान फिसल गई और उन्होंने प्रधानमंत्री के लिए गालियों और अपशब्दों का प्रयोग किया.

सांसद ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

मीडिया से मुखातिब होते हुए सांसद अजेंद्र सिंह लोधी ने कहा, "हम लोग PDA के साथ हैं और वर्तमान सरकार के विरोधी हैं. वर्तमान सरकार जनता की जितनी अनदेखी कर रही है, उतना किसी ने नहीं किया. स्मार्ट मीटर चाहे बिजली रहे न रहे, चलते रहते हैं. फसल बीमा में बड़ा घोटाला हुआ है. शिक्षा के क्षेत्र में विद्यालय बंद हो रहे हैं और नई भर्तियां नहीं निकल रहीं. स्वास्थ्य विभाग में कहीं दवा है तो स्टाफ नहीं."

सांसद ने आगे कहा, "यह सरकार केवल अपना 10 हजार करोड़ का बजट बनाने में लगी है. यह जनता विरोधी सरकार है. बंगाल चुनाव में सारी हदें पार कर नकली फिंगरप्रिंट्स से वोट खत्म किए गए और रात में EVM बदली गईं. पुलिस बल और CRPF के दम पर भय पैदा कर देश चलाया जा रहा है."

PM मोदी और 2027 के चुनाव पर तीखा प्रहार

प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए सांसद ने कहा, "2027 में हमारी सरकार पूर्ण बहुमत से बनेगी, दम हो तो रोक कर दिखा दें. मोदी जी पेट्रोल की खपत कम करने और सोना न खरीदने की बात करते हैं, जबकि स्वयं विदेश यात्राओं पर करोड़ों खर्च करते हैं. यह कैसा न्याय है और कैसा लोकप्रिय प्रधानमंत्री है..." इसी दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री के प्रति अपशब्दों का प्रयोग किया. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर बीजेपी सरकार नहीं मानी तो उसे अंजाम भुगतना पड़ेगा और सपा एवं इंडिया गठबंधन बैलट पेपर से चुनाव के लिए संघर्ष जारी रखेगा.

CM योगी ने दी फिर तीखी प्रतिक्रिया

सांसद के बयान पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 'X' पर कड़ा रुख अपनाते हुए लिखा, "विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय जननेता आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के प्रति एक सांसद द्वारा की गई असंसदीय टिप्पणी न केवल अशोभनीय और अक्षम्य है, बल्कि भारतीय लोकतांत्रिक मर्यादाओं पर भी गंभीर आघात है. यह कृत्य राजनीतिक कुसंस्कार, वैचारिक दिवालियापन और सार्वजनिक जीवन की शालीनता के प्रति अनादर को प्रकट करता है." मुख्यमंत्री ने इसे 145 करोड़ देशवासियों के जनादेश का अपमान बताया.

बीजेपी नेताओं ने खोला मोर्चा

सांसद रवि किशन: गोरखपुर सांसद रवि किशन ने इसे सपा की वास्तविक मानसिकता करार देते हुए कहा कि यह देश के जनादेश का अपमान है और अजेंद्र सिंह लोधी को तुरंत माफी मांगनी चाहिए.

कुलदीप निषाद (BJP हमीरपुर अध्यक्ष): उन्होंने कहा कि नीतियों से लड़िए, लेकिन 'सड़क छाप' भाषा का इस्तेमाल अक्षम्य है. उन्होंने मुकदमा दर्ज होने तक आंदोलन की चेतावनी दी है.