Akhilesh Yadav: उत्तर प्रदेश में सियासी पारा एक बार फिर सातवें आसमान पर है. समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भारतीय जनता पार्टी पर सियासी हमला बोला है. उन्होंने लखनऊ की सीटों पर दावा ठोकते हुए सीधे तौर पर सत्ताधारी दल के विधायकों को चुनौती दे डाली है.
ADVERTISEMENT
अखिलेश यादव ने साफ कर दिया है कि समाजवादी पार्टी आगामी चुनावों के लिए पूरी तरह तैयार है और इस बार भाजपा के लिए लखनऊ की राह कतई आसान नहीं होने वाली. उन्होंने भाजपा के अंदर चल रही खींचतान पर तंज कसते हुए एक ऐसा बयान दिया है, जिसने यूपी की राजनीति में खलबली मचा दी है.
"क्षेत्र नहीं बदलने देंगे, सीधे विधायक ही बदल देंगे"
अखिलेश यादव ने लखनऊ में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ एक अहम बैठक के बाद मीडिया से बात की. भाजपा पर सीधा हमला बोलते हुए उन्होंने कहा,
"जो लखनऊ में भाजपा के विधायक हैं, वो क्षेत्र बदलने की तैयारी में हैं. हम लोग क्षेत्र नहीं बदलने देंगे, विधायक बदल देंगे. समाजवादी विधायक बना देंगे."
सपा मुखिया ने कहा कि भाजपाई लोग इतने घबराए हुए हैं कि वे अपनी सीटें या टिकट बदलने की जुगत में हैं. उन्होंने चुनौती देते हुए कहा, "अगर भाजपा वालों में हिम्मत है तो वे उन्हीं क्षेत्रों से चुनाव लड़कर दिखाएं. समाजवादी कार्यकर्ता उन्हें उन्हीं की सीटों पर जमानत जब्त कराने के लिए पूरी तरह तैयार हैं."
दिल्ली और लखनऊ वालों में चल रहा है 'पावर स्ट्रगल'
अखिलेश यादव यहीं नहीं रुके, उन्होंने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व और उत्तर प्रदेश सरकार के बीच चल रहे अंतर्विरोधों पर भी जमकर चुटकी ली. उन्होंने कहा कि लखनऊ में संगठन और सरकार के बीच ऐसा युद्ध चल रहा था, जैसे लग रहा हो कि शहर में 'कर्फ्यू' लगा हुआ है.
सपा अध्यक्ष ने तंज कसते हुए कहा, "ये डबल इंजन चल नहीं रहे हैं, बल्कि आपस में टकरा रहे हैं. दिल्ली और लखनऊ वालों के बीच भयंकर पावर स्ट्रगल चल रहा है. खजाना देखकर ये लोग अंधे हो गए हैं. इन्हें जनता की श्रद्धा और आस्था की कोई परवाह नहीं है."
"भाजपा सिर्फ हमारे कामों का फीता काट रही है"
लखनऊ के विकास कार्यों का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने एक लंबी लिस्ट गिना दी. उन्होंने दावा किया कि आज लखनऊ में जो भी बेहतरीन चीजें दिखती हैं चाहे वह आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे हो, मेदांता अस्पताल, कैंसर इंस्टीट्यूट, इकाना स्टेडियम, जनेश्वर मिश्र पार्क, अमूल प्लांट या फिर 1090 हेल्पलाइन सब समाजवादियों की देन हैं.
उन्होंने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि जो काम 8-9 साल पहले पूरे हो जाने चाहिए थे, शासन-प्रशासन ने जानबूझकर उनमें अड़ंगा लगाया. अब मौजूदा सरकार उन्हीं पुरानी योजनाओं का दोबारा फीता काटकर उद्घाटन कर रही है.
प्रेस कॉन्फ्रेंस के आखिर में उन्होंने जनता के मूड को भांपते हुए दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता अब हर हाल में बदलाव चाहती है और आने वाले समय में भाजपा का जाना तय है.
ADVERTISEMENT











