'उनके मुंह में डॉट-डॉट-डॉट', राजभर पर बुरी तरह भड़के शिवपाल यादव, कैमरे के सामने ये क्या कह दिया!

यूपी तक

• 03:27 PM • 03 Jul 2026

इटावा में नेताजी मुलायम सिंह यादव की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम के दौरान सपा महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर और ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा पर तीखा हमला बोला. उन्होंने राजभर के हालिया बयान, राम मंदिर से जुड़े मामलों की जांच और बिजली दरों को लेकर योगी सरकार की आलोचना की.

UP Tak
Google CTA

Etawah News: समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता और राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर और सूबे के ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा पर ऐसा तीखा हमला बोला है, जिसने लखनऊ से लेकर दिल्ली तक सियासी हलचल बढ़ा दी है. शिवपाल यादव इटावा के बसरेहर ब्लॉक के कुनैया गांव में नेताजी मुलायम सिंह यादव की प्रतिमा का अनावरण करने पहुंचे थे, जहां उन्होंने मीडिया से बात करते हुए सरकार को जमकर घेरा.

यह भी पढ़ें...

इस दौरान शिवपाल सिंह यादव बेहद आक्रामक अंदाज में नजर आए. उन्होंने एक-एक कर विरोधियों पर ऐसे शब्दबाण चलाए कि सुनने वाले भी हैरान रह गए. राजभर के एक ट्वीट से शुरू हुआ विवाद अब राम मंदिर में हुई गड़बड़ियों की जांच और महंगी बिजली के मुद्दे तक पहुंच चुका है. लेकिन शिवपाल ने राजभर के लिए ऐसा क्या कह दिया, जिस पर सियासी गलियारों में सुगबुगाहट तेज हो गई है?

"उनके मुंह में तो..." राजभर पर भड़के शिवपाल

ओमप्रकाश राजभर ने हाल ही में समाजवादी पार्टी को "यादववादी पार्टी" कहकर घेरा था. इस पर जब शिवपाल यादव से सवाल पूछा गया तो उनका पारा चढ़ गया. उन्होंने राजभर के पुराने दिनों की याद दिलाते हुए कहा, 

"पहले वह हमारी पार्टी में थे, तब भारतीय जनता पार्टी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के लिए क्या-क्या बोल रहे थे? हम बहुत कुछ नहीं कह रहे हैं, उनके मुंह में डॉट-डॉट-डॉट..."

 

 

शिवपाल यादव का इशारा साफ था कि राजभर की सियासी बातें समय के हिसाब से बदलती रहती हैं, इसलिए उन्हें गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं है.

राम मंदिर मुद्दे पर सरकार को घेरा

शिवपाल यादव ने अयोध्या के राम मंदिर से जुड़े मामलों में हो रही जांच और कार्रवाई पर भी गंभीर सवाल खड़े किए. उन्होंने सीधे तौर पर सरकार की नीयत पर उंगली उठाई और कहा, 

"यह सरकार बेईमान सरकार है. भगवान राम के मंदिर में चोरी की घटना पर सिर्फ छोटे-छोटे लोग पकड़े जा रहे हैं, जबकि बड़े मगरमच्छों को बचाया जा रहा है. बड़े लोगों को भी जेल भेजा जाना चाहिए और कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए. जनता से मेरी अपील है कि आने वाले चुनाव में इन चोरों को बचाने वाले लोगों को भी सत्ता से उखाड़ फेंके."

ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा को बताया 'झूठा'

यूपी के ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा द्वारा बिजली दरें न बढ़ाने के दावे पर भी शिवपाल ने तंज कसा. उन्होंने कहा कि मंत्री जी बहुत झूठ बोलते हैं. अभी हाल ही में इन्होंने 10% बिजली के दाम बढ़ाए थे. 

अब इन्हें समझ आ गया है कि जनता इनके खिलाफ हो गई है, इसलिए बैकफुट पर हैं. शिवपाल ने आगे कहा कि अगर ये दाम नहीं भी बढ़ाते हैं, तब भी बिजली बहुत महंगी है. गांवों में पानी की टंकियां शोपीस बनी हुई हैं और सड़कों की हालत खस्ता है, फिर भी हर जगह टोल टैक्स वसूल रहे हैं.

शिवपाल यादव का अंदाज बताता है कि समाजवादी पार्टी अब बैकफुट पर रहने के मूड में नहीं है. बिजली, सड़क और भ्रष्टाचार जैसे बुनियादी मुद्दों को उठाकर वह सीधे जनता से कनेक्ट कर रहे हैं. प्रतिमा अनावरण के मौके पर जुटी कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ और शिवपाल के इस तेवर ने यह साफ कर दिया है कि आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश की राजनीतिक लड़ाई और भी दिलचस्प होने वाली है.