PDA के साथ सपा ने चला ब्राह्मण कार्ड! 2027 विधानसभा चुनाव में क्या सनातन पांडेय दिलाएंगे अखिलेश यादव को ब्राह्मण वोट?

Akhilesh Yadav: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सपा ने ब्राह्मण वोट को अपने पाले में लाने कि लिये सियासी गणित लगाना शुरू कर दिया है. सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने पूर्वांचल में ब्राह्मण वोट को लेकर बलिया के सांसद सनातन पांडेय को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है.

UP Tak

रजत सिंह

• 01:01 PM • 02 Jul 2026

follow google news

Akhilesh Yadav: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपनी सियासी बिसात बिछानी शुरू कर दी है. अखिलेश यादव का पूरा फोकस अब पूर्वांचल के ब्राह्मण वोट बैंक पर टिका हुआ है. सपा को उम्मीद है कि इस बार ब्राह्मण समाज बीजेपी सरकार से नाराज होकर उनके साथ आएगा. इस पूरी सियासी रणनीति में बलिया से सपा सांसद सनातन पांडेय को एक बहुत बड़ी और अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है.

यह भी पढ़ें...

पूर्वांचल में ब्राह्मण वोटों पर नजर

पूर्वांचल के कई जिलों में ब्राह्मण मतदाता काफी प्रभावशाली माने जाते हैं. इनमें देवरिया, बलिया, चंदौली, जौनपुर, सुल्तानपुर और गोरखपुर की कई सीटें शामिल हैं. अखिलेश यादव की कोशिश है कि यादव, मुस्लिम और अन्य ओबीसी वोटों के साथ अगर ब्राह्मण वोट भी जुड़ जाएं, तो जीत पक्की हो सकती है. 2024 के लोकसभा चुनाव में बलिया में इसका सफल प्रयोग देखने को मिला है, जहां सपा के सनातन पांडे ने बीजेपी के नीरज शेखर को हराया था.

सनातन पांडे को मिली बड़ी जिम्मेदारी

समाजवादी पार्टी पूर्वांचल में ब्राह्मण वोटरों को साधने के लिए अपने पुराने और कद्दावर नेता सनातन पांडेय पर पूरा भरोसा जता रही है. कुछ दिनों पहले सपा में जनेश्वर मिश्रा की जयंती की तैयारियों को लेकर ब्राह्मण नेताओं की एक खास बैठक बुलाई गई थी. अखिलेश यादव इस बैठक में नहीं आए थे, लेकिन इसका पूरा नेतृत्व सनातन पांडे ने ही किया था. इससे साफ है कि पार्टी में सनातन पांडे का महत्व लगातार बढ़ रहा है.

तलवार से कटा अखिलेश का केक

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का जन्मदिन बहुत ही धूमधाम के साथ मनाया गया था. इस अवसर पर अखिलेश यादव ने एक बड़ा सियासी संदेश दिया था. अखिलेश यादव ने सनातन पांडेय के साथ तलवार से केक काटा था. इसके बाद अखिलेश यादव ने सर्वधर्म समभाव का संदेश देते हुए वह केक एक मुस्लिम नेता को खिलाया था.

राजभर के दावे पर दिया जवाब

ओम प्रकाश राजभर ने यह दावा किया था कि सपा सांसद सनातन पांडेय पार्टी छोड़ने वाले हैं. इस दावे पर सनातन पांडेय ने कड़ा जवाब दिया था. उन्होंने राजभर के बयान पर कहा था, "हे प्रभु बचाए रखिए, हम जन्मजात समाजवादी हैं.' उन्होंने आगे यह भी दावा किया था कि राजभर की बात सही साबित होती है, तो वो राजनीतिक जीवन से सन्यास ले लेंगे.  

सपा दफ्तर पर हुआ सुंदरकांड पाठ

ब्राह्मणों को अपने पाले में लाने की सपा की कोशिश अखिलेश यादव के जन्मदिन पर भी साफ दिखाई दी है. उनके जन्मदिन के मौके पर सपा दफ्तर के बाहर रामचरितमानस और सुंदरकांड का पाठ कराया गया था. कार्यक्रम में मौजूद सपा के राष्ट्रीय सचिव इंजीनियर दिनेश ने कहा, 'आज देश और प्रदेश के भविष्य और आने वाले 2027 के मुख्यमंत्री माननीय अखिलेश यादव जी का जन्मदिन मनाया जा रहा है.' इसके अलावा अखिलेश यादव भरत तिवारी एनकाउंटर जैसे ब्राह्मणों से जुड़े मुद्दों पर भी लगातार अपनी आवाज उठा रहे हैं.