OP Rajbhar: उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर अपने बेबाक बयानों के लिए जाने जाते हैं. इस समय वाराणसी के दौरे पर मौजूद राजभर ने विपक्षी दलों और खासकर समाजवादी पार्टी पर जमकर सियासी तीर चलाए हैं. एक तरफ उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव को उनके जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं. वहीं दूसरी तरफ एक बहुत बड़ा दावा करते हुए कहा कि आगामी मॉनसून सत्र शुरू होते-होते समाजवादी पार्टी ताश के पत्तों की तरह टूट जाएगी और इसका वजूद खत्म होकर कांग्रेस में विलय हो जाएगा. इसके अलावा राजभर ने अयोध्या मामले पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के हाउस अरेस्ट, संजय निषाद से तल्खी और पूर्वांचल के दो बड़े चेहरों- धनंजय सिंह और बृजेश सिंह के विधानसभा चुनाव लड़ने की संभावनाओं पर खुलकर बात की.
ADVERTISEMENT
राजभर का बड़ा दावा
अखिलेश यादव ने अपने एक बयान में कहा था कि अगर बीजेपी दोबारा जीती तो यह देश का आखिरी चुनाव होगा. इस पर ओपी राजभर ने तंज कसते हुए कहा 'अंतिम बार लोग वोट इसलिए डालेंगे क्योंकि अखिलेश जी की पार्टी का ही वजूद खत्म होने वाला है. समाजवादी पार्टी का विलय कांग्रेस में हो जाएगा, पार्टी बचेगी ही नहीं. अभी आप देखते जाइए, मॉनसून सत्र शुरू होने दीजिए, सपा का वही हाल होने जा रहा है जो टीएमसी और शिवसेना का हुआ है. सहारनपुर, जौनपुर और बांदा हर जगह खेल शुरू हो चुका है.'
राजभर ने आगे प्रो. रामगोपाल यादव की एक कथित सीक्रेट चिट्ठी का जिक्र करते हुए बड़ा दावा किया कि रामगोपाल जी ने अमित शाह जी को चिट्ठी लिखकर गोमती रिवर फ्रंट और खनन मामले से अखिलेश जी और खुद को बचाने की गुहार लगाई है और बदले में 'वन नेशन वन इलेक्शन' व महिला आरक्षण बिल पर समर्थन देने की बात कही है.
धनंजय सिंह और बृजेश सिंह को सुभासपा से टिकट का क्या है गणित?
पूर्वांचल के दो रसूखदार चेहरों बृजेश सिंह और धनंजय सिंह के विधानसभा चुनाव लड़ने की चर्चाओं पर ओम प्रकाश राजभर ने अपने पत्ते खोले. बृजेश सिंह को लेकर ओपी राजभर ने कहा कि अभी चुनाव नजदीक आने दीजिए. जब बिगुल बजेगा और सीटों का अलॉटमेंट होगा, तब देखा जाएगा. अगर वे टिकट मांगेंगे तो विचार किया जाएगा, हमारी तरफ से कोई एडवांस ऑफर नहीं जाएगा. वहीं जौनपुर की मलहनी सीट से बाहुबली धनंजय सिंह को मौका देने के सवाल पर राजभर ने अपनी कहा 'अब वो लड़ेंगे तब ना. उनको भी तो इच्छा जाहिर करनी होगी, हमारे पास आना पड़ेगा. अब बिना मांगे तो मौत भी नहीं मिलती और हम तो बंगले पर मिलते नहीं हैं. जो पार्टी जॉइन करेगा और इच्छुक होगा उस स्थिति पर निश्चित विचार होगा.'
संजय निषाद से नाराजगी और सीटों के बंटवारे पर दो टूक
कैबिनेट मंत्री संजय निषाद के अतरौलिया सीट पर अड़े होने और शिवपुर सीट को लेकर चल रही खींचतान पर राजभर ने हंसते हुए कहा कि कोई कहीं से भी नाराज नहीं है, सब खुश हैं. उन्होंने साफ किया कि अभी सीटों का कोई बंटवारा नहीं हो रहा है यह सब दिल्ली में तय होना है. बनारस में घबराने से कुछ नहीं होगा. राजभर ने हुंकार भरते हुए कहा कि वे आजमगढ़ की सभी 10 सीटों पर काम कर रहे हैं और एनडीए गठबंधन 2017 से भी बड़ी जीत दर्ज कर वापस आएगा. मऊ सदर सीट को लेकर भी उन्होंने कहा कि एनडीए के सामने कोई रोचक मुकाबला नहीं है, क्लीन स्वीप होना तय है.
ADVERTISEMENT










