यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय हुए हाउस अरेस्ट, अयोध्या में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल के दौरे से पहले बढ़ी सियासी हलचल

अयोध्या में कांग्रेस सांसदों के दौरे से पहले यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के हाउस अरेस्ट का दावा सामने आया. वहीं राम मंदिर चढ़ावा मामले में पुलिस ने कई बैंकों से वित्तीय रिकॉर्ड तलब किए हैं.

Ajay Rai House Arrest News

Ajay Rai House Arrest News (File Photo)

Ajay Rai House Arrest News: अयोध्या में राम मंदिर दर्शन के लिए कांग्रेस सांसदों और विधायकों के प्रस्तावित दौरे से पहले सियासी माहौल गरमा गया है. उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को अयोध्या पहुंचने के बाद होटल पद्म श्री पैलेस में हाउस अरेस्ट कर दिया गया. पार्टी के मुताबिक अजय राय कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल की यात्रा की तैयारियों के सिलसिले में पहले ही अयोध्या पहुंचे थे, लेकिन उन्हें होटल से बाहर नहीं निकलने दिया गया. इस घटनाक्रम के बीच राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच भी लगातार आगे बढ़ रही है और अब इसकी जांच बैंकिंग सिस्टम तक पहुंच गई है.

यह भी पढ़ें...

रामलला के दर्शन करेगा कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल

कांग्रेस पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन करेगा. इस प्रतिनिधिमंडल में पार्टी के सांसद, विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक और पूर्व एमएलसी शामिल हैं. कार्यक्रम के अनुसार सभी नेता सुबह करीब 9:30 बजे अयोध्या पहुंचेंगे. नौ सदस्यीय टीम में अमेठी के सांसद किशोरी लाल, सीतापुर के सांसद राकेश राठौर, प्रयागराज के सांसद उज्ज्वल रमण सिंह और बाराबंकी के सांसद तनुज पूनिया समेत अन्य नेता शामिल हैं. इसी कार्यक्रम की तैयारियों के लिए अजय राय पहले से अयोध्या पहुंचे थे. कांग्रेस का आरोप है कि उन्हें होटल पद्म श्री पैलेस में ही रोक दिया गया, हालांकि प्रशासन की ओर से इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.

चढ़ावा मामले में बैंकों को भेजे गए नोटिस

दूसरी ओर राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच अब वित्तीय लेन-देन की दिशा में आगे बढ़ गई है. पुलिस ने इस मामले में करीब 6 से 7 बैंकों को नोटिस जारी किए हैं. इनमें प्रमुख रूप से एसबीआई, केनरा बैंक और बैंक ऑफ बड़ौदा शामिल हैं. जांच एजेंसियों ने राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से जुड़े बैंक खातों, लॉकर और संदिग्ध वित्तीय लेन-देन का पूरा रिकॉर्ड मांगा है. अधिकारियों का उद्देश्य पैसों के पूरे ट्रांजैक्शन ट्रेल को समझना और यह पता लगाना है कि धन का प्रवाह किन-किन खातों तक पहुंचा.

कैश हैंडलिंग की भी हो रही जांच

जांच एजेंसियां अब आरोपियों और ट्रस्ट से जुड़े अन्य लोगों के बैंकिंग रिकॉर्ड की भी पड़ताल कर रही हैं. साथ ही बैंक कर्मचारियों और कैश हैंडलिंग से जुड़े स्टाफ की भूमिका की भी जांच शुरू कर दी गई है. जांच का फोकस इस बात पर है कि दान की गिनती, उसकी सुरक्षा और बैंक तक पहुंचाने की प्रक्रिया में कहीं किसी स्तर पर लापरवाही या संभावित मिलीभगत तो नहीं हुई. अधिकारियों का मानना है कि बैंकों से मिलने वाले दस्तावेज और वित्तीय रिकॉर्ड इस मामले की कई अहम कड़ियों को जोड़ने में मदद कर सकते हैं. वहीं कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल के दौरे और अजय राय को लेकर उठे विवाद के कारण अयोध्या की राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो गई हैं.