'सिर्फ अब्दुल्लों का मोहल्ला दिखा...', मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने फिर से अखिलेश यादव पर साधा निशाना, सांसद निधि के खर्च को लेकर उठाए सवाल! 

ओम प्रकाश राजभर ने कन्नौज सांसद निधि के खर्च को लेकर अखिलेश यादव पर निशाना साधा. ओबीसी आरक्षण, विकास कार्यों और सपा की कार्यशैली पर लगाए गए आरोपों से प्रदेश की सियासत फिर गरमा गई.

Akhilesh Yadav and Om Prakash Rajbhar

Akhilesh Yadav and Om Prakash Rajbhar (Photo: AI Generated)

आशुतोष चौबे

• 09:42 AM • 28 Jun 2026

follow google news

Om Prakash Rajbhar On Akhilesh Yadav: सुभासपा अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने एक बार फिर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है. इस बार उन्होंने कन्नौज सांसद निधि के खर्च को लेकर सवाल उठाए हैं. राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए आरोप लगाया कि विकास कार्यों में सभी वर्गों को समान प्राथमिकता नहीं दी गई. इसके साथ ही उन्होंने ओबीसी आरक्षण, कानून-व्यवस्था और समाजवादी पार्टी की कार्यशैली को लेकर भी कई गंभीर आरोप लगाए.
 

यह भी पढ़ें...

कन्नौज सांसद निधि के खर्च पर उठाए सवाल

ओम प्रकाश राजभर ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा 'प्रिय, 'राजा बाबू' उर्फ अखिलेश जी! इस समय कन्नौज की आपकी सांसद निधि का खर्च पूरे देश में चर्चा का विषय है. विकास के नाम पर आपको सिर्फ 'सपाई अब्दुल्लों का मोहल्ला' ही दिखा? उजाला सिर्फ इन्हीं की गलियों में करना है?' उन्होंने आगे कहा कि 'जाटव, धानुक, धोबी, लोधी की गलियों को आपने 'चांद' के भरोसे छोड़ दिया. ये सब भी आपके ही लोकसभा क्षेत्र में रहते हैं.' राजभर ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी का पुराना रिकॉर्ड लोगों का हक छीनने का रहा है.

सपा सरकार पर लगाए आरोप

राजभर ने आगे लिखा 'सपा की वजह से ओबीसी आरक्षण को सिर्फ यादवों और मुस्लिमों ने खाया. जिसकी वजह से आज हमारे, पाल, प्रजापति, बिंद, केवट, मल्लाह, राजभर, निषाद, मांझी, दर्जी, तेली, फकीर, बंजारा समेत पूरा अति पिछड़ा और दलित समाज के बच्चे ईंट-गारा ढो रहे हैं, रिक्शा चला रहे हैं या ढाबों पर प्लेट धो रहे हैं.' उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि "आपकी सपा सरकार के 13 सालों में हमारी दो-दो पीढ़ियां बर्बाद हुई हैं. आपकी सरकार ने हमें कमजोर किया, जिसका असर आपके मुस्लिम और यादव समीकरण में भी दिखता है.'

पार्टी छोड़ने वालों का भी किया जिक्र

सुभासपा अध्यक्ष ने अपने पोस्ट में लिखा 'वही दबंगई, वही गुंडई, जो आपकी पार्टी और आपने सिखाई. हर जगह आपके गुंडे हमें मारते-पीटते हैं. मुरादाबाद और बांदा की हमारी बहनें वही झेल रही हैं. उनके साथ आपके अपने गुंडे 'बत्तमीजी' कर रहे हैं. धमकी दे रहे हैं.' उन्होंने आगे कहा कि 'किसी को हिन्दू होने का दर्द झेलना पड़ रहा है तो किसी को गैर यादव ओबीसी यानी कुर्मी. अखिलेश अगर कोई जाना चाहता है तो जाने दीजिए, कोई आपकी पार्टी छोड़ना चाहता है तो छोड़ने दीजिए. डरा-धमकाकर कब तक किसी को रोक लेंगे?'

बोले- सपा टूटकर रहेगी, खुद में सुधार करें

अपने बयान के अंत में ओम प्रकाश राजभर ने कहा 'अखिलेश आपको दिक्कत ओम प्रकाश राजभर से है, परेशानी राजभर है तो राजभर से लड़ो न! जो करना है, मेरे साथ करो. गैर यादव ओबीसी और दलित जातियों के हित के लिए जान देने की नौबत आई तो ये ओम प्रकाश न झुकेगा और न ही रुकेगा. हम अति पिछड़ों को पिटवाना और धमकाना बंद करो अखिलेश. गुंडई करने से आपकी पार्टी बचने वाली नहीं है, सपा टूट कर ही रहेगी. बचाना है तो पहले खुद में सुधार करिए. फिर अपनी पार्टी में.' राजभर के इस बयान के बाद प्रदेश की सियासत में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है.