‘शादी के 9 दिन बाद विधायक पति की हुई थी हत्या’... सपा की बागी MLA पूजा पाल को BJP ने दी बड़ी जिम्मेदारी तो उन्होंने दिया ये रिएक्शन

Pooja Pal Reaction: बीजेपी की नई प्रदेश टीम में उपाध्यक्ष बनाए जाने के बाद पूजा पाल ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताया. उन्होंने कहा कि वह बीजेपी की नीतियों से प्रभावित होकर जुड़ी हैं. साथ ही 2027 चुनाव में पार्टी की प्रचंड जीत का दावा करते हुए योगी सरकार की कानून व्यवस्था और विकास कार्यों की सराहना की.

Pooja Pal First Reaction

Pooja Pal First Reaction

पंकज श्रीवास्तव

• 07:49 PM • 25 Jun 2026

follow google news

उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अपनी नई टीम की घोषणा कर दी है. संगठन की इस नई लिस्ट में समाजवादी पार्टी की बागी विधायक पूजा पाल को भी बड़ी जगह मिली है. बीजेपी ने पूजा पाल को यूपी संगठन में प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है. इस नई और बड़ी जिम्मेदारी के मिलने के बाद पूजा पाल ने बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया है. उन्होंने साफ किया है कि पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों से प्रभावित होकर ही वह बीजेपी में शामिल हुई हैं. 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में संगठन उन्हें जो भी भूमिका देगा वे उसका पूरी निष्ठा से निर्वहन करेंगी.

यह भी पढ़ें...

मंत्री पद की रेस सिर्फ मीडिया की खबरें थीं- पूजा पाल

योगी कैबिनेट में शामिल न किए जाने और उसके बदले संगठन में पद दिए जाने के सवाल पर पूजा पाल ने खुलकर बात की. उन्होंने कहा 'मंत्री पद के लिए मेरा नाम सिर्फ मीडिया के माध्यम से ही चल रहा था. मीडिया में ही इसे सबसे ज्यादा चलाया गया. असल में इस विषय पर मेरी शीर्ष नेतृत्व से कोई बात ही नहीं हुई थी.' उन्होंने आगे कहा कि पद पाना उनका लक्ष्य नहीं है बल्कि वह बीजेपी की विचारधारा और नीतियों को देखकर पार्टी में आई हैं. शीर्ष नेतृत्व ने उन पर जो भरोसा जताया है, वह उस पर पूरी तरह खरी उतरने की कोशिश करेंगी.

अखिलेश यादव के तंज पर पलटवार

पूजा पाल को मंत्री न बनाए जाने पर समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव द्वारा कसे गए तंज का भी उन्होंने करारा जवाब दिया. पूजा पाल ने कहा 'अखिलेश यादव कुछ भी बोलते रहते हैं. उन्हें शायद ऐसा लग रहा है कि मुझे मंत्री न बनाए जाने से पाल समाज के लोग बीजेपी से नाराज हो जाएंगे. लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं है. समाज जानता है कि बीजेपी की डबल इंजन सरकार में ही मुझे और उत्तर प्रदेश की जनता को सही मायने में न्याय मिला है.'

'18 साल तक झेला दर्द, योगी सरकार ने ही दिलाया माफिया अतीक से न्याय'

अपने पति पूर्व विधायक राजू पाल की हत्या का जिक्र करते हुए पूजा पाल भावुक हो गईं. उन्होंने कहा '2005 में शादी के महज 9 दिन बाद ही राजू पाल जी की हत्या माफिया अतीक अहमद और अशरफ ने कर दी थी. उस समय की सरकार ने हमें डेड बॉडी तक नहीं सौंपी थी. 2005 से 2023 तक, 18 साल मैंने जो दर्द, धमकियां और मानसिक-आर्थिक प्रताड़ना झेली है उसे मैं ही जानती हूं. अगर 2005 में उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ जैसी सरकार होती तो हमें न्याय के लिए 18 साल तक रगड़ना और घिसना नहीं पड़ता.'

विधानसभा में सीएम योगी की तारीफ की बताई वजह

विधानसभा सत्र के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करने के सवाल पर पूजा पाल ने कहा कि यूपी में पहले कानून व्यवस्था का बुरा हाल था. दिनदहाड़े सड़कें खून से लाल होती थीं और बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं थीं. उन्होंने कहा 'डबल इंजन की सरकार आने के बाद उत्तर प्रदेश के 80% लोगों को परेशान करने वाले भू-माफिया और बड़े अपराधियों की कमर टूट गई है. आज माफिया या तो राज्य छोड़कर भाग गए हैं या सरेंडर कर चुके हैं. सीएम योगी की 'जीरो टॉलरेंस' नीति के कारण ही आज आम जनमानस सुरक्षित महसूस कर रहा है, इसलिए मैंने सदन में उनकी तारीफ की थी.'

2027 चुनाव को लेकर बड़ा दावा

प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने के बाद पूजा पाल ने कहा कि वह अपने कार्यकर्ताओं और जनता के साथ एक मजबूत बॉन्डिंग बनाकर जमीन पर उतरेंगी. उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश का आम जनमानस कानून व्यवस्था और विकास कार्यों से बेहद खुश है, जिसके दम पर 2027 के विधानसभा चुनाव में एक बार फिर उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड बहुमत की सरकार बनेगी.