उत्तर प्रदेश कांग्रेस संगठन में बड़ा बदलाव किया गया है. पार्टी हाईकमान ने पूर्व मंत्री और दिल्ली के वरिष्ठ नेता राजेंद्र पाल गौतम को उत्तर प्रदेश का नया एआईसीसी प्रभारी (AICC In-charge) नियुक्त किया है. फैसला तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है.
ADVERTISEMENT
ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) की ओर से जारी प्रेस रिलीज के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के मौजूदा प्रभारी अविनाश पांडे की जगह अब दलित नेता राजेंद्र पाल गौतम जिम्मेदारी संभालेंगे. पार्टी ने इस बदलाव के साथ हरियाणा और ओडिशा के लिए भी नए प्रभारियों की घोषणा की है.
उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी राजेंद्र पाल गौतम को
कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल की ओर से जारी प्रेस रिलीज में बताया गया है कि कांग्रेस अध्यक्ष ने तीन राज्यों के लिए नए एआईसीसी प्रभारियों की नियुक्ति को मंजूरी दी है. इसके तहत राजेंद्र पाल गौतम को उत्तर प्रदेश, संजय दत्त को हरियाणा और ललजी देसाई को ओडिशा का प्रभारी बनाया गया है.
अविनाश पांडे की हुई विदाई
नई नियुक्तियों के साथ पार्टी ने मौजूदा प्रभारियों को भी जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया है. उत्तर प्रदेश के प्रभारी रहे अविनाश पांडे, ओडिशा के अजय कुमार लल्लू, हरियाणा के बी.के. हरिप्रसाद अब इन राज्यों के प्रभारी नहीं रहेंगे.
2027 चुनाव से पहले अहम बदलाव
उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस संगठन में ये बदलाव अहम माना जा रहा है. राजेंद्र पाल गौतम के सामने संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और विपक्षी गठबंधन के बीच कांग्रेस की भूमिका को मजबूत करने की चुनौती होगी. हालांकि, अभी तक बदलाव के कारणों का कोई उल्लेख नहीं किया गया है.
कांग्रेस सेवा दल में भी बदलाव
कांग्रेस ने संगठन में एक और अहम बदलाव करते हुए बी. वी. श्रीनिवास को कांग्रेस सेवा दल का चीफ ऑर्गेनाइजर (Chief Organiser) नियुक्त किया है. पार्टी की ओर से जारी अलग प्रेस रिलीज में बताया गया कि ये नियुक्ति भी तत्काल प्रभाव से लागू होगी. वहीं, पार्टी ने निवर्तमान चीफ ऑर्गेनाइजर ललजी देसाई के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दी हैं.
ADVERTISEMENT










