'न चंदा मिलेगा, न चढ़ावा और न ही वोट...' अखिलेश ने भाजपा को कह दी चुभने वाली बात! चंपत राय को लेकर भी दिया बयान

यूपी तक

• 04:01 PM • 02 Jul 2026

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा सरकार पर कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार और अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावा प्रबंधन को लेकर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने मंदिर के चढ़ावे और गुप्तदान में पारदर्शिता की मांग करते हुए सरकार पर लोकतांत्रिक संस्थाओं के दुरुपयोग का आरोप लगाया.

UP Tak
Google CTA

उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर गरमागरमी बढ़ गई है. समाजवादी पार्टी  के प्रमुख अखिलेश यादव ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भाजपा सरकार को चौतरफा घेरा है. उन्होंने कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार से लेकर सीधे अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा विवाद को लेकर सरकार पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं.

यह भी पढ़ें...

अखिलेश यादव ने सिद्धार्थनगर और कौशांबी के पीड़ित परिवारों का जिक्र करते हुए कहा कि सूबे में थाना-पुलिस पूरी तरह से भाजपा के इशारे पर काम कर रही है और आम जनता को न्याय नहीं मिल रहा है. उन्होंने दावा किया कि सरकार के हर विभाग में इस वक्त भ्रष्टाचार और वसूली का खुला खेल चल रहा है.

"प्रभु श्रीराम इन्हें माफ नहीं करेंगे..."

अखिलेश यादव ने अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा मामले में सामने आए विवाद को बेहद गंभीर बताया. उन्होंने पारदर्शिता पर सवाल खड़े करते हुए सीधे तौर पर कहा कि इस मामले में जो कुछ भी हुआ है, उसके लिए "प्रभु श्रीराम इन्हें कभी माफ नहीं करेंगे."

सपा प्रमुख के आरोप

  • उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिर में आने वाले चढ़ावे का पूरा हिसाब-किताब जनता के सामने सार्वजनिक नहीं किया जा रहा है.
  • मंदिर में मिलने वाले गुप्तदान को लेकर भी उन्होंने कहा कि इसका कोई स्पष्ट लेखा-जोखा या पारदर्शिता नहीं दी जा रही है.

चंपत राय की गिरफ्तारी की मांग

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जब अधिवक्ताओं के सड़कों पर उतरने की बात आई, तो अखिलेश ने कहा कि यह आम जनता के भीतर पनप रहे भारी आक्रोश को साफ दर्शाता है.

मर्यादा का पहला नाम प्रभु श्रीराम हैं और दूसरा नाम देश का संविधान है. लेकिन यह सरकार लगातार लोकतंत्र और संविधान के साथ खिलवाड़ करने में जुटी है.

 

 

- अखिलेश यादव, सपा प्रमुख

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जहां भाजपा को जनता के वोट नहीं मिल पा रहे हैं, वहां अब सांसदों को तोड़ने और अपनी तरफ मिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं. उनके मुताबिक, भाजपा इस वक्त लोगों को डराने-धमकाने और मनगढ़ंत कहानियां बनाकर केवल भ्रम फैलाने की कोशिशों में लगी हुई है.

'न चंदा, न चढ़ावा और न वोट'

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने अयोध्या से आए हरिशंकर साफ़्रीवाला का भी जिक्र किया, जो जमीन से जुड़े मुद्दों को लेकर अपनी आवाज उठा रहे हैं. सपा प्रमुख ने कहा कि अब यह बात किसी से छिपी नहीं है और गांव-गांव तक यह संदेश बहुत अच्छी तरह पहुंच चुका है कि इस बार जनता भाजपा को "न चंदा देगी, न चढ़ावा देगी और न ही अपना वोट देगी." 

उन्होंने साफ लहजे में चेतावनी दी कि भगवान और आम जनता की आस्था के मुद्दे पर खिलवाड़ करने और सवाल उठाने वालों को अब खुद जनता ही करारा जवाब देगी.