Ballia News: बलिया में सियासी संग्राम, PM मोदी पर टिप्पणी से भड़की BJP महिला मोर्चा, सपा सांसद के खिलाफ सड़क पर उतरीं महिलाएं

BJP Mahila Morcha protest: प्रधानमंत्री के खिलाफ अभद्र टिप्पणी को लेकर बलिया में भाजपा महिला मोर्चा ने सपा सांसद के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट से सपा कार्यालय तक विरोध प्रदर्शन कर सांसद से इस्तीफे और माफी की मांग की. नारी शक्ति ने राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है.

Ballia BJP protest

Newzo

• 04:29 PM • 14 May 2026

follow google news

BJP Mahila Morcha protest: बलिया में भाजपा महिला मोर्चा ने सपा सांसद पर प्रधानमंत्री के खिलाफ अभद्र टिप्पणी का आरोप लगाते हुए कलेक्ट्रेट से सपा कार्यालय तक जोरदार प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने सांसद से माफी और इस्तीफे की मांग करते हुए राज्यपाल व राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा.

यह भी पढ़ें...

उत्तर प्रदेश के बलिया में आज राजनीतिक पारा उस समय गरमा गया, जब भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं ने विपक्ष के एक सांसद द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई अभद्र टिप्पणी के विरोध में जोरदार धरना प्रदर्शन किया. भाजपा महिला मोर्चा के नेतृत्व में सैकड़ो महिलाओं ने कलेक्ट्रेट पर कूच किया. इसके बाद कलेक्ट्रेट से समाजवादी पार्टी कार्यालय तक प्रदर्शन करते हुए पहुंची, जहां सपा कार्यालय के बाहर जमकर विरोध प्रदर्शन किया. 

क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सुनीता श्रीवास्तव ने बलिया के सांसद सनातन पांडेय से मिलने की मांग की, लेकिन सपा सांसद कार्यालय पर मौजूद नहीं मिले. कार्यालय पर मौजूद अन्य सपा कार्यकर्ताओं से अपनी बात रखते हुए उल्टे पैर वापस लौट गई. भाजपा नेताओं का आरोप है कि सपा सांसद ने प्रधानमंत्री के खिलाफ अनैतिक और जातिगत टिप्पणी की है जिसे नारी शक्ति बर्दाश्त नहीं करेगी.

प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि सम्बंधित सांसद को उनके पद से हटाया जाए और वह सार्वजनिक रूप से प्रधानमंत्री से माफी मांगे. महिलाओं ने महामहिम राष्ट्रपति, राज्यपाल को जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन भेज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

भाजपा नेत्री संध्या पांडेय ने कहा कि आज का यह धरना प्रदर्शन हमारे देश के यशस्वी प्रधानमंत्री के सम्मान में है. वह बिना किसी भेदभाव के पूरे देश की सेवा कर रहे हैं. सपा के एक संसद में उनके और ब्राह्मण समाज के प्रति जिस तरह की घृणित भाषा का प्रयोग किया है वह असहनीय है. हम लोग उन्हें तब तक चैन से नहीं बैठने देंगे जब तक वह अपनी कुर्सी छोड़ नहीं देते और प्रधानमंत्री जी से माफी नहीं मांग लेते.  कहा विपक्ष के सांसदों ने महिला आरक्षण का समर्थन नही किया ये महिलाओं का अपमान है.

वहीं भाजपा महिला मोर्चा ने स्पष्ट कर दिया है कि प्रधानमंत्री का अपमान उनके लिए अस्मिता का प्रश्न है और यह आंदोलन आने वाले दिनों में और उग्र हो सकता है.