Ballia Buffalo Grazing Dispute: बलिया में भैंस चराने को लेकर खूनी बवाल, मारपीट के बाद 65 वर्षीय महिला की मौत से गांव में हड़कंप

Ballia buffalo dispute: बलिया के कैथीकला गांव में खेत में भैंस चराने को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हुई. मारपीट के तनाव के बीच मुन्ना राजभर की 65 वर्षीय मां भगवती देवी ने दम तोड़ दिया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है.

Ballia News

Newzo

• 10:28 AM • 14 May 2026

follow google news

Ballia buffalo dispute: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के रसड़ा थाना क्षेत्र के कैथीकला गांव में भैंस चराने को लेकर हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया. दो पक्षों के बीच हुई मारपीट की घटना के बाद एक 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. वहीं सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी है.

यह भी पढ़ें...

जानकारी के मुताबिक, 13 मई को कैथीकला गांव में सत्येंद्र राम नामक व्यक्ति मुन्ना राजभर के खेत में भैंस चरा रहा था. मुन्ना राजभर के परिजनों ने जब अपने खेत में भैंस चराने से मना किया तो इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहा सुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी.

मुन्ना राजभर का आरोप है कि इस हिंसक झड़प और विवाद के कुछ ही देर बाद उनकी 65 वर्षीय माता भगवती देवी का निधन हो गया. परिजनों का आरोप है की घटना के तनाव और विवाद के कारण ही बुजुर्ग महिला की जान गई है.

घटना की सूचना मिलते ही थाना रसड़ा पुलिस मौके पर  पहुंची. पुलिस ने शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस बलिया भेज दिया है. क्षेत्राधिकारी रसड़ा आलोक कुमार गुप्ता ने बताया कि मृतक की बहू की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है.

क्षेत्राधिकार रसड़ा ने बताया कि भैंस चराने के विवाद में दो पक्षों के बीच मारपीट हुई थी. जिसके बाद एक बुजुर्ग महिला की मृत्यु की सूचना मिली है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. तहरीर के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है मौके पर शांति व्यवस्था कायम है.

फिलहाल गांव में स्थिति नियंत्रण में है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा. जिसके आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी.