सैफई मेडिकल कॉलेज में एक साल से भर्ती इस औरत का चल रहा था मानसिक रोग का इलाज, कैसे हो गई प्रेगनेंट?

Saifai Medical University Case: इटावा के सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी में मानसिक रोगी महिला से रेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है. नियमित जांच में महिला के पांच माह की गर्भवती मिलने से अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया.

यूपी तक

• 12:52 PM • 20 Mar 2026

follow google news

Saifai Medical University Case: उत्तर प्रदेश के इटावा के सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने न सिर्फ चिकित्सा व्यवस्था बल्कि सुरक्षा व्यवस्थाओं पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. यहां मानसिक रोगी वार्ड में भर्ती एक महिला के साथ कथित रेप का मामला सामने आया है. हैरानी की बात यह है कि इलाज के दौरान नियमित जांच में महिला के पांच माह की गर्भवती होने की पुष्टि हुई, जिससे पूरे अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया. 

यह भी पढ़ें...

एक साल से चल रहा था इलाज

जानकारी के अनुसार करीब 40 वर्षीय महिला पिछले एक साल से सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी के मानसिक रोगी वार्ड में भर्ती थी. 14 जून 2025 से उसका इलाज लगातार चल रहा था और नियमित रूप से उसका मेडिकल चेकअप भी किया जा रहा था. इसी दौरान हाल ही में हुए एक रूटीन चेकअप में डॉक्टरों ने पाया कि महिला करीब पांच महीने की गर्भवती है. यह जानकारी सामने आते ही अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया. 

विभागाध्यक्ष ने दर्ज कराई शिकायत

मामले की गंभीरता को देखते हुए मानसिक रोग विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. अरुण कुमार ने 19 मार्च 2026 को सैफई थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई.  शिकायत के आधार पर पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी.

सफाई कर्मचारी को हिरासत में लेकर हुई पूछताछ

प्रारंभिक जांच में अस्पताल में कार्यरत एक आउटसोर्सिंग सफाई कर्मचारी का इन्वॉल्वमेंट सामने आई है. आरोपी की पहचान रविंद्र कुमार के रूप में हुई है जो बकेवर थाना क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है. पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है.

पुलिस का बयान

पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) रामगोपाल शर्मा ने बताया कि “19 मार्च 2026 को मानसिक रोग विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. अरुण कुमार की तहरीर के आधार पर थाना सैफई में मामला दर्ज किया गया है. संबंधित महिला 14 जून 2025 से मेडिकल यूनिवर्सिटी में भर्ती होकर इलाज करा रही थी. नियमित चेकअप के दौरान यह सामने आया कि वह करीब पांच माह की गर्भवती है, जिसके बाद अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी.”

उन्होंने आगे कहा कि “प्रारंभिक जांच में एक आउटसोर्सिंग सफाई कर्मचारी रविंद्र कुमार का इन्वॉल्वमेंट पाया गया है.  उसके खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर उसे हिरासत में लिया गया है और पूछताछ जारी है. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए हर पहलू की गहन जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.”

यह भी पढ़ें: यूपी रोडवेज में 12वीं पास वालों के लिए निकली कंडक्टर की नौकरी, बिना देर किए लास्ट डेट से पहले करें अप्लाई