Ghaziabad News: गाजियाबाद की पॉश सोसाइटी महागुनपुरम के विनायक टावर में राजवीर नाम के एक युवक ने 13वीं मंजिल से छलांग लगा दी. राजवीर को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. लेकिन कहानी यहा खत्म नहीं हुई. पुलिस को राजवीर के बंद फ्लैट के अंदर उसकी वृद्ध मां सतनाम कौर का शव मिला जो करीब दो दिन पुराना बताया जा रहा है. राजवीर की आत्महत्या और मां की रहस्यमयी मौत ने पुलिस के सामने कई अनसुलझे सवाल खड़े कर दिए हैं. क्या मां की मौत के सदमे में बेटे ने जान दी या कहानी कुछ और है? पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के जरिए इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी है.
ADVERTISEMENT
13वीं मंजिल से मौत की छलांग
पुलिस के अनुसार, डायल 112 के जरिए से सूचना मिली थी कि विनायक टावर की 13वीं मंजिल से एक व्यक्ति ने कूदकर जान देने की कोशिश की है. मौके पर पहुंची कविनगर थाना पुलिस ने 40 साल के घायल राजवीर को तत्काल मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया. लेकिन ऊंचाई से गिरने के कारण आई गंभीर चोटों की वजह से उसकी मौत हो गई.
हादसे के बाद जब पुलिस राजवीर के फ्लैट की तलाशी लेने पहुंची तो वहां बेड पर उसकी मां सतनाम कौर का शव पड़ा मिला. शुरुआती जांच में शव करीब दो दिन पुराना बताया जा रहा है. हालांकि मां के शरीर पर चोट के कोई बाहरी निशान नहीं मिले हैं जिससे मौत की वजह अभी भी सस्पेंस बनी हुई है. पुलिस को शक है कि मां की मौत पहले हुई और राजवीर दो दिनों तक शव के साथ घर में ही मौजूद था.
राजवीर के बारे में पता चली ये बातें
जांच में सामने आया है कि राजवीर अपनी पत्नी से अलग होकर मां के साथ इस फ्लैट में रहता था. उसकी पत्नी अपने बच्चे के साथ गौड़ सिटी-2 में रहती है. राजवीर पहले ज्योतिष का काम करता था. लेकिन वहां सफलता न मिलने के कारण वह फिलहाल बेरोजगार था और पॉडकास्ट रिकॉर्ड करने की कोशिशों में जुटा था. आर्थिक तंगी और पारिवारिक कलह को भी इस घटना के पीछे की एक वजह माना जा रहा है.
कार्रवाई में जुटी पुलिस
सहायक पुलिस आयुक्त (कविनगर) सूर्यबली मौर्य ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या मां की मौत प्राकृतिक थी या इसके पीछे कोई और कारण था. राजवीर की पत्नी भी सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंच गई है और पुलिस परिजनों से पूछताछ कर मामले की कड़ियां जोड़ने का प्रयास कर रही है.
ADVERTISEMENT









