अस्पताल में एडमिट वेदपाल को कमरा नंबर 15 में घुसकर मारी गई गोली, पीछे की कहानी चौंका देगी

अकरम खान

17 Mar 2026 (अपडेटेड: 17 Mar 2026, 01:48 PM)

Aligarh Crime News: अलीगढ़ के रेणुका अस्पताल में मरीज को सिर में सटाकर मारी गोली. मैरिस रोड पर हथियारबंद हमलावरों ने फैलाई दहशत. मथुरा की युवती से प्रेम प्रसंग के चलते हुई वारदात.

Aligarh Crime News

Aligarh Crime News

Google CTA

Aligarh Crime News: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले से एक खौफनाक खबर सामने आई है. मैरिस रोड स्थित रेणुका अस्पताल के कमरा नंबर 15 में भर्ती एक मरीज वेदपाल के सिर में पिस्टल सटाकर बदमाशों ने गोली मार दी. यह वारदात तब हुई जब मरीज का चंद घंटों पहले ही ऑपरेशन हुआ था. हमलावरों के हिम्मत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने अस्पताल स्टाफ के सामने ही पिस्टल लहराई और दहशत फैलाते हुए मौके से भाग निकले. पुलिस की शुरुआती जांच में इस खूनी वारदात के पीछे मथुरा की एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग और रंजिश की बात सामने आ रही है.

यह भी पढ़ें...

खैर थाना इलाके के गांव अहरौला निवासी 32 साल के वेदपाल पेशे से किसान हैं. करीब डेढ़ महीने पहले उनके हाथ में गंभीर चोट लगी थी जिसके ऑपरेशन के लिए सोमवार को उन्हें रेणुका अस्पताल में भर्ती कराया गया था. अस्पताल की पहली मंजिल पर स्थित सेमी-प्राइवेट रूम में वेदपाल का दोपहर में ऑपरेशन हुआ था. रात के समय उनके साथ तीमारदार के रूप में उनका चचेरा भाई और एक अन्य युवक मौजूद थे.

हमलावरों ने सीधे माथे पर सटा दी पिस्टल

रात के सन्नाटे में दो अज्ञात हमलावर दबे पांव कमरा नंबर 15 में घुस गए. इस दौरान कमरा नंबर 15 में एक और मरीज सुधीर भी भर्ती थे जिनके बीच सिर्फ एक पर्दा था. मौका पाकर हमलावरों ने बेड पर लेटे वेदपाल के माथे से पिस्टल सटाई और ट्रिगर दबा दिया. गोली की आवाज से अस्पताल में चीख-पुकार मच गई. जब स्टाफ ने बदमाशों को रोकने की कोशिश की तो वे बेखौफ होकर हवाई फायरिंग करते हुए भाग निकले.

प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला आ रहा सामने

घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी नीरज कुमार जादौन भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. घायल वेदपाल को तुरंत जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है. एसएसपी ने बताया कि अब तक की जांच में यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा नजर आ रहा है. वेदपाल का मथुरा की एक युवती के साथ विवाद चल रहा था. शक है कि युवती के परिजनों ने ही सुपारी देकर या खुद इस वारदात को अंजाम दिया है.

पुलिस की धरपकड़ जारी

अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर सुरक्षा में हुई इस बड़ी चूक के बाद पुलिस ने अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं. एसएसपी ने हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की हैं और मथुरा पुलिस से भी संपर्क साधा जा रहा है.