'कल से सब पूछ रहे हो तो सुनो...' राजभर का 'सपा में टूट' को लेकर नया हिंट, अखिलेश का भी आया रिएक्शन

सुभासपा प्रमुख और यूपी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है. राजभर ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी के सांसद बगावत की तैयारी में हैं, जबकि अखिलेश ने उन्हें "अफवाह फैलाने वाला मंत्री" बताया.

UP Tak

आयशा शेख़

• 03:36 PM • 18 Jun 2026

follow google news

Rajbhar vs Akhilesh: उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर बयानों के तीर चलने शुरू हो गए हैं. सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष और यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी में बड़ी टूट का दावा किया था. राजभर के इस दावे पर अखिलेश ने पलटवार करते हुए कहा था कि उनके यानी भाजपा के ही विधायक दल बदलने को तैयार बैठे हैं. 

यह भी पढ़ें...

अब राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव को नसीहत देते हुए कहा है कि वे सोशल मीडिया और प्रेस कॉन्फ्रेंस छोड़कर अपने सांसदों को बचाने के लिए अभियान शुरू करें. वहीं, अखिलेश यादव ने भी पलटवार करते हुए राजभर को 'अफवाह फैलाने वाला मंत्री' करार दिया है.

राजभर का दावा- बागी बलिया का लाल करेगा अगुआइ

ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि सपा के बागी सांसदों का एक गुट पार्टी से अलग होने की तैयारी में है. उन्होंने किसी का नाम लिए बिना इशारा किया कि इस बगावत की कमान उत्तर प्रदेश की 'बागी धरती' बलिया का एक लाल संभालेगा. माना जा रहा है कि उनका इशारा सपा सांसद सनातन पांडेय की तरफ था.

राजभर ने बुधवार को सपा दफ्तर में हुई एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि वहां ब्राह्मणों का अपमान किया गया, जिससे नाराज होकर पार्टी के अंदर टूट की योजना और मजबूत हो गई है.

कल से सब पूछ रहे हो कि सपा में क्या टूट होने वाली है?

तो सुनो!

सपा के बागी सांसदों के गुट का नेतृत्व उत्तर प्रदेश की 'बागी भूमि' का एक लाल करेगा।

और करे भी क्यों न?

कल जिस तरह से सपा कार्यालय में सम्मेलन के नाम पर ब्राह्मणों को तिरस्कृत किया गया, उससे 'बागी बलिया' का लाल…

— Om Prakash Rajbhar (@oprajbhar) June 18, 2026

अखिलेश यादव का तीखा पलटवार

राजभर के इन दावों पर अखिलेश यादव ने भी एक्स पर बिना नाम लिए कड़ा जवाब दिया. अखिलेश ने राजभर को "अफवाह फैलाने वाला मंत्री" कहा और आरोप लगाया कि चुनाव के टिकट, ट्रांसफर-पोस्टिंग और ठेके दिलाने के नाम पर जिन लोगों से एडवांस लिया गया था, वे टिकट चाहने वाले लोग, अधिकारी और ठेकेदार अब इस मंत्री को ढूंढ रहे हैं.

इसके साथ ही अखिलेश ने राजभर पर तंज कसते हुए कहा कि जो लोग पहले भाजपा से 30 सीटें मांगने का दावा कर रहे थे, उन्हें अब एक भी जीतने वाली सीट नहीं मिल रही है, तो वे घबराकर ऐसे बयान दे रहे हैं.

पंचायती-समाचार :

टिकटार्थियों के बाद अधिकारी और ठेकेदार मिलके कर रहे ‘ढुंढाई पंचायत’

समाचार-विस्तार : कल तक तो ‘अफ़वाही’ मंत्री जी को केवल वो भावी प्रत्याशी ही ढूँढ रहे थे जिनसे इन्होंने टिकट के नाम पर एडवांस वसूल लिया था, लेकिन अब जो जान गये हैं कि ‘30 सीट’ की बात अफ़वाह है।… pic.twitter.com/gBewgyc2b5

— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) June 18, 2026

'मेरे पास फाइलों का पूरा बंडल है'

अखिलेश के इस हमले के बाद राजभर ने दोबारा पोस्ट कर सीधे चेतावनी दी. उन्होंने कहा कि माइनिंग और गोमती रिवर फ्रंट मामलों की अंदरूनी बातें सिर्फ अखिलेश यादव को ही नहीं, बल्कि उन्हें भी अच्छी तरह पता हैं. राजभर ने लिखा, "एक खुलासे से आपकी ये हालत हो गई. मेरे पास फाइलों का पूरा बंडल है. अखिलेश, आप कांप क्यों रहे हैं?"

खनन और गोमती रिवर फ्रंट का पैसा कहां खपा रहे हैं ये बात डिंपल, राम गोपाल यादव और अखिलेश यादव के अलावा ओम प्रकाश राजभर को भी पता है।

एक खुलासे से आपकी ये हालत हो गई। फाइलों का पूरा पुलिंदा लेकर बैठा हूं। कांप क्यों रहे हो अखिलेश? आँख खोलते ही बलिया फोन मिला दिए न?@yadavakhilesh

— Om Prakash Rajbhar (@oprajbhar) June 18, 2026

अखिलेश और राजभर के बयानों के तीर के बीच...

  • सपा सांसद का बयान

इस विवाद में कूदते हुए सपा सांसद राजीव राय ने कहा कि भाजपा नेतृत्व अब इन नेताओं को भाव नहीं दे रहा है, इसलिए ये हताशा में ऐसे बयान दे रहे हैं ताकि मीडिया की सुर्खियों में बने रहें. इनमें से एक नेता अपनी मंत्री पद की कुर्सी बचाना चाहता है, तो दूसरा अपने बेटों के लिए टिकट मांग रहा है.

  • डिप्टी सीएम का भी दावा

इससे पहले उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी दावा किया था कि सपा के 25-26 सांसद पार्टी छोड़ने को तैयार हैं, हालांकि उन्होंने साफ किया कि भाजपा किसी पार्टी को तोड़ने की कोशिश नहीं कर रही है.

सपा की मौजूदा स्थिति कैसी है? 

उत्तर प्रदेश से लोकसभा में इस समय समाजवादी पार्टी के 37 सांसद हैं. ओम प्रकाश राजभर ने साल 2022 का यूपी विधानसभा चुनाव समाजवादी पार्टी के साथ मिलकर लड़ा था, लेकिन बाद में वे सपा से अलग हो गए और भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन में शामिल हो गए. मौजूदा समय में वे योगी सरकार में पंचायती राज और अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हैं.