सपा के 25 से 26 सांसद पार्टी तोड़ने को तैयार... पहले ओपी राजभर और अब डिप्टी सीएम केशव मौर्य के इस दावे से बढ़ी हलचल

UP Political News: कानपुर में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने दावा किया कि सपा के 25-26 सांसद पार्टी छोड़ने को तैयार हैं. इस बयान से यूपी की राजनीति गरमा गई. वहीं शिवपाल यादव ने इसे टीआरपी पाने की कोशिश बताते हुए भाजपा पर जोरदार पलटवार किया.

Keshav Prasad Maurya

Keshav Prasad Maurya

सिमर चावला

• 06:39 PM • 17 Jun 2026

follow google news

Keshav Prasad Maurya: उत्तर प्रदेश की राजनीति से इस वक्त की एक बहुत बड़ी खबर सामने आ रही है. प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कानपुर में मीडिया से बातचीत करते हुए दावा किया है कि समाजवादी पार्टी के करीब 25 से 26 सांसद पाला बदलने और सपा को तोड़ने के लिए पूरी तरह तैयार बैठे हैं.  टीएमसी और शिवसेना की तरह सपा में भी टूट की अटकलों के बीच आए डिप्टी सीएम के इस बयान ने यूपी के सियासी गलियारों में हलचल तेज कर दी है. वहीं दूसरी तरफ सपा के वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव ने केशव मौर्य के इस दावे को सिर्फ टीआरपी बटोरने का जरिया बताते हुए तीखा पलटवार किया है.

यह भी पढ़ें...

हम तोड़ नहीं रहे लेकिन 2027 में अपने आप टूट जाएगी सपा- केशव मौर्य

कानपुर पहुंचे उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी को लेकर बड़ा सियासी बम फोड़ा है. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि 'सपा में अभी भी 25 से 26 सांसद टूटने के लिए तैयार बैठे हैं. लेकिन हम लोग अभी उन्हें तोड़ ही नहीं रहे हैं. साल 2027 के विधानसभा चुनाव आते-आते वे अपने आप ही टूटकर हमारे साथ चले आएंगे.'

शिवपाल यादव का तीखा पलटवार

डिप्टी सीएम के इस बड़े दावे पर जब समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव से सवाल किया गया तो उन्होंने इसे सिरे से खारिज कर दिया. शिवपाल यादव ने पलटवार करते हुए कहा कि 'केशव प्रसाद मौर्य सिर्फ मीडिया में अपनी टीआरपी बढ़ाने के लिए इस तरह की बेतुकी बातें करते रहते हैं. उनके इन दावों में कोई दम नहीं है. आने वाले चुनाव में हम इन्हें एक बार फिर धूल चटाएंगे और बुरी तरह हराएंगे.'

राजभर और मनोज पांडेय के बयानों ने बढ़ाई हलचल

इस सियासी ड्रामे की शुरुआत दरअसल राज्य सरकार के मंत्री ओम प्रकाश राजभर के एक सोशल मीडिया पोस्ट से हुई थी जिसने पूरी यूपी की राजनीति में सनसनी मचा दी थी. ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि सपा में बहुत बड़ी टूट होने वाली है. उन्होंने यहां तक लिखा कि सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात कर उन्हें एक चिट्ठी सौंपी है. राजभर ने पहले के खनन घोटाले और गोमती रिवर फ्रंट घोटाले का जिक्र करते हुए कहा कि पूरा यूपी इसके मास्टरमाइंड को जानता है. अब जैसे ही जांच का शिकंजा कसने लगा है पूरी सपा परेशान है और समूची पार्टी भाजपा में शामिल होने को तैयार बैठी है.

वहीं सपा छोड़कर भाजपा में आए योगी सरकार के मंत्री मनोज पांडेय ने कहा कि जब समाजवादी पार्टी सत्ता में थी तो लोगों को भगाने का काम करती थी. आज उनकी स्थिति ऐसी हो गई है कि कोई भी नेता सपा के साथ रुकना नहीं चाहता.'

2027 के विधानसभा चुनावों से पहले यूपी की राजनीति में दावों और पलटवार का यह दौर बेहद दिलचस्प मोड़ पर पहुंच गया है. अब देखना यह होगा कि क्या डिप्टी सीएम केशव मौर्य और ओम प्रकाश राजभर के दावों में कितनी सच्चाई है.