Death Threat to MLA: गोंडा से एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आई है. आरोप है कि कैसरगंज के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के बेटे और गोंडा सदर से BJP विधायक प्रतीक भूषण सिंह को जान से मारने की धमकी दी गई है. विधायक के पर्सनल मोबाइल पर आई इस धमकी भरी कॉल के बाद उनके समर्थकों में भारी आक्रोश है. वहीं स्थानीय पुलिस-प्रशासन भी तुरंत अलर्ट मोड पर आ गया है. शुरुआती तफ्तीश में इस कॉल के तार सीधे राजस्थान से जुड़े पाए गए हैं.
ADVERTISEMENT
विधायक के निजी नंबर पर आई कॉल
जानकारी के मुताबिक, यह मामला करीब दो दिन पुराना बताया जा रहा है. विधायक प्रतीक भूषण सिंह अपने रोजमर्रा के कार्यक्रमों में व्यस्त थे. तभी उनके निजी मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई. फोन उठाने पर दूसरी तरफ से बात कर रहे शख्स ने सीधे शब्दों में विधायक को जान से मारने की बात कही.
अलवर का संदीप शर्मा निकला आरोपी
इस गंभीर मामले को लेकर विधायक प्रतिनिधि अजय सिंह ने बिना देरी किए मोर्चा संभाला. उन्होंने गोंडा के कोतवाली नगर थाने में लिखित तहरीर देकर अज्ञात कॉलर के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की. पुलिस ने जैसे ही सर्विलांस और साइबर सेल की मदद से नंबर को ट्रेस किया वैसे ही धमकी देने वाले का कच्चा चिट्ठा सामने आ गया. आरोपी की पहचान संदीप शर्मा के रूप में हुई है जो राजस्थान के अलवर जिले का रहने वाला बताया जा रहा है.
गोंडा पुलिस की एक स्पेशल टीम आरोपी संदीप शर्मा की धरपकड़ के लिए राजस्थान के अलवर और संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है. इसके साथ ही तकनीकी विशेषज्ञों की मदद से इस फोन कॉल के कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स खंगाले जा रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस धमकी के पीछे सिर्फ सिरफिरापन था या फिर कोई बड़ी सियासी साजिश रची जा रही थी.
ADVERTISEMENT










