भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के फायरब्रांड नेता और पूर्व विधायक ठाकुर संगीत सोम अपने एक ताजा और बेहद तल्ख बयान को लेकर सुर्खियों में आ गए हैं. मेरठ में आयोजित एक सम्मान समारोह में हिस्सा लेने पहुंचे संगीत सोम ने मंच से जनता को संबोधित किया और बाद में मीडिया से मुखातिब होते हुए मुगलों, सपा चीफ अखिलेश यादव की बेटी पर अभद्र टिप्पणी, सच्चे मुसलमान और धर्मांतरण (जिहाद) के मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी.
ADVERTISEMENT
'जनता उनकी प्रतिमा पर रोज थूके'
मुगल शासकों पर कड़ा प्रहार करते हुए संगीत सोम ने कहा, "बाबर, अकबर और हुमायूं जैसे शासकों के देश में म्यूजियम बनने चाहिए. ये म्यूजियम इसलिए बनने चाहिए ताकि देश की जनता को यह पता लग सके कि देश के सनातनियों पर कितना अत्याचार हुआ, देश के कितने मंदिर तोड़े गए और इन आक्रमणकारियों ने यहां संघर्ष कर रहे लाखों सनातनियों को किस तरह कुचल दिया."
उन्होंने आगे बेहद तीखे शब्दों में कहा कि ऐसे लोगों के म्यूजियम बनने चाहिए और उन म्यूजियमों में लगी उनकी प्रतिमा पर देश की जनता रोज थूकने जाए और रोज जूते मारे. संगीत सोम के मुताबिक, ऐसा करने से यहां के लोगों में जो सैकड़ों सालों का बदला है, उसे निकालने का एक अवसर मिलेगा.
अखिलेश यादव की बेटी पर टिप्पणी का पुरजोर विरोध
सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव पर सोशल मीडिया पर की गई अभद्र टिप्पणियों का कड़ा विरोध करते हुए संगीत सोम ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस तरह की टिप्पणी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने कहा, "बेटी किसी की भी हो, बेटी तो बेटी होती है. वो भी हमारी बेटी है और ऐसे अभद्र टिप्पणी करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए."
'भारत का सच्चा मुसलमान हमसे प्यार करता है...'
मुसलमानों और देशप्रेम को लेकर संगीत सोम ने एक और बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा, "भारत का जो सच्चा मुसलमान है, वो हमसे प्यार करता है. लेकिन, जिसे पाकिस्तान से प्यार है, वो भला हमसे प्यार क्यों करेगा."
धर्मांतरण मामले पर बोले- ऐसे लोगों को सीधे फांसी पर चढ़ाओ
इलाके में चर्चा का विषय बने आयुष मलिक धर्मांतरण मामले को लेकर भी पूर्व विधायक ने अपना कड़ा रुख अख्तियार किया. संगीत सोम ने साफ तौर पर कहा, "इस तरह से जबरन या धोखे से धर्मान्तरण कराने वाले लोगों को सीधे फांसी पर चढ़ा देना चाहिए. यही असली जिहाद है, जिसके खिलाफ सख्त कदम उठाना बेहद जरूरी है."
ADVERTISEMENT










