'दुनिया में सिर्फ 3 ही देश ऐसे हैं...' मोदी सरकार के 12 साल बताते हुए सीएम योगी ने अचानक क्यों कही ये बात?

एनडीए की प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री योगी ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में हुए बदलावों को गिनाया. उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार की योजनाओं के कारण 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए, उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था और विकास की स्थिति में सुधार हुआ तथा 15 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन का लाभ मिल रहा है.

UP Tak

यूपी तक

• 04:30 PM • 12 Jun 2026

follow google news

उत्तर प्रदेश में नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस (NDA) की प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और बीते 12 वर्षों में आए देश-प्रदेश के बदलावों को रेखांकित किया. 

यह भी पढ़ें...

सीएम योगी ने कहा कि जब किसी देश को एक लोकप्रिय और दूरदर्शी सोच वाला नेता मिलता है, तो उसके परिणाम आने में देर नहीं लगती. प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कई अहम बिंदुओं पर अपनी बात रखी...

2014 से पहले और बाद का भारत

सीएम योगी ने कहा कि देश के हर नागरिक ने पिछले 12 वर्षों में बदलते हुए भारत को बहुत करीब से महसूस किया है. आज की युवा पीढ़ी इस नए भारत पर गर्व कर सकती है. तमाम बड़ी चुनौतियों का सामना करते हुए, बिना रुके और बिना डिगे भारत ने आज पूरी दुनिया को अपनी ताकत और सामर्थ्य का अहसास कराया है.

योजनाओं को बनाया 'जनांदोलन'

आजादी के बाद के इतिहास का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 1947 के बाद देश के नागरिकों को मत, मजहब और संप्रदाय के नाम पर बांटने का काम किया गया. पहले जनता के लिए केंद्रित कार्यक्रम और उनका सफल क्रियान्वयन नहीं दिखता था. लेकिन पहली बार देश यह देख रहा है कि योजनाएं सिर्फ कागज पर नहीं बनतीं, बल्कि उनके सफल क्रियान्वयन के लिए उन्हें एक 'जनांदोलन' बना दिया जाता है.

25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए

प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल की बड़ी उपलब्धि बताते हुए सीएम योगी ने कहा कि जब उन्होंने सत्ता संभाली, तब देश की आबादी 120 करोड़ थी. उनके सफल कार्यक्रमों की बदौलत देश के 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकालने में सफलता मिली है.

दुनिया में 25 करोड़ की आबादी वाले सिर्फ तीन ही देश हैं... भारत, चीन और अमेरिका. पीएम मोदी के प्रयासों से इतने बड़े जनमानस ने अपने जीवन स्तर को सुधारा है और आगे बढ़ाया है.

 

- योगी आदित्यनाथ, मुख्यमंत्री (यूपी)

पहचान के संकट से उभरा उत्तर प्रदेश

मुख्यमंत्री ने साफ तौर पर कहा कि केंद्र की इन नीतियों का सबसे बड़ा फायदा देश की सबसे बड़ी आबादी वाले राज्य उत्तर प्रदेश को मिला है. एक समय था जब यूपी अपनी पहचान के लिए तरस रहा था. यहां अराजकता, असुरक्षा, गुंडागर्दी और भ्रष्टाचार का बोलबाला था. राज्य के नौजवानों के लिए न तो प्रदेश में नौकरियां थीं, और न ही बाहर उन्हें वह सम्मान मिल पाता था. लेकिन आज पीएम मोदी के विजन से यूपी इस संकट से पूरी तरह बाहर आ चुका है.

15 करोड़ को मुफ्त राशन

कोविड काल का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने कहा कि जब पूरी दुनिया महामारी से पस्त थी, तब भारत सरकार ने उन गरीब और बेसहारा लोगों की सुध ली जिन्हें दुनिया में कोई पूछने वाला नहीं था. इसी का नतीजा है कि आज अकेले उत्तर प्रदेश में 15 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन की सुविधा का लाभ मिल रहा है.

सबका साथ-सबका विकास

सीएम योगी ने सरकार की नीति स्पष्ट करते हुए कहा, "जब हम गरीब की बात करते हैं, तो हम उसका मत, मजहब या संप्रदाय नहीं देखते. हमारे लिए गरीब सिर्फ गरीब है. उसका उत्थान होना चाहिए और उसके प्रति पूरी संवेदना होनी चाहिए. हर गरीब को शासन की योजनाओं का लाभ मिलना उसका अधिकार है, और ये मॉडल हमें प्रधानमंत्री मोदी ने दिया है."

महिला सशक्तिकरण और बेटियों की सुरक्षा

भाषण के आखिरी हिस्से में मुख्यमंत्री ने महिला कल्याण योजनाओं पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि 2014 के बाद प्रधानमंत्री ने 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' का नारा देकर देश की सोच को बदला. 

इसके बाद मातृ वंदना जैसी कई योजनाएं शुरू की गईं, जिससे मातृ मृत्यु दर को सबसे निचले स्तर पर लाया जा सका. आज बेटियों के जन्म से लेकर उनकी स्नातक तक की पढ़ाई की मुफ्त सुविधा वाले कार्यक्रम पूरे देश और राज्य में सफलतापूर्वक लागू हैं.