सड़कों पर आ गए तो संभालना मुश्किल होगा... अखिलेश यादव की बेटी अदिति पर हुए गंदे कमेंट्स तो शिवपाल यादव ने दे दी खुली चुनौती

Shivpal Yadav Reaction: अदिति यादव के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर सियासत गरमा गई है. शिवपाल यादव ने सरकार को चेतावनी दी जबकि ओम प्रकाश राजभर और पल्लवी पटेल ने भी कड़ी निंदा की. कई जिलों में सपा कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं.

Aditi Yadav

Aditi Yadav

यूपी तक

• 01:21 PM • 12 Jun 2026

follow google news

Shivpal Yadav Reaction: समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई आपत्तिजनक पोस्ट के बाद पूरे उत्तर प्रदेश में बवाल मचा हुआ है. इस घटिया हरकत से नाराज सपा कार्यकर्ताओं का गुस्सा सातवें आसमान पर है और वे सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. इस बीच अखिलेश यादव के चाचा शिवपाल सिंह यादव ने अपनी पोती अदिति के लिए योगी सरकार को खुली चेतावनी दे डाली है. वहीं अखिलेश यादव को राजनीति में हमेशा निशाने पर रखने वाले धुर विरोधी नेता ओम प्रकाश राजभर और अपना दल (के) की पल्लवी पटेल भी इस ओछी मानसिकता के खिलाफ बेटी के सम्मान में खड़े नजर आ रहे हैं. सोशल मीडिया से शुरू हुई यह चिंगारी अब सड़कों पर बड़े आंदोलन का रूप लेती जा रही है.

यह भी पढ़ें...

कानपुर से शामली तक FIR की मांग

यह पूरा विवाद 9 जून को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हुई एक पोस्ट के बाद शुरू हुआ. आरोप है कि इस पोस्ट में अदिति यादव के खिलाफ चोरी और कुछ आपराधिक गतिविधियों से जुड़े मनगढ़ंत और झूठे दावे किए गए थे. इतना ही नहीं उनकी एक फोटो को भी भद्दे तरीके से एडिट करके पोस्ट किया गया जिससे उनकी छवि को भारी नुकसान पहुंचे.

इस मामले को लेकर कानपुर के साइबर क्राइम थाने में तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. उधर लखनऊ के हजरतगंज थाने में भी सपा कार्यकर्ताओं ने लिखित तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है और चेतावनी दी है कि यदि जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन होगा. इसी मांग को लेकर शामली समेत यूपी के कई जिलों में सपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे हैं.

अगर सपाई सड़क पर आ गए तो संभाले नहीं संभलेगा- शिवपाल यादव

मैनपुरी पहुंचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने इस मामले पर सीधे सरकार को घेरा. जब पत्रकारों ने उनसे पूछा कि अखिलेश,डिंपल और प्रोफेसर रामगोपाल के बाद अब अदिति यादव को निशाना बनाया जा रहा है तो शिवपाल यादव ने कहा 'भारतीय जनता पार्टी से ज्यादा निकृष्ट सरकार कोई दूसरी नहीं हो सकती. अगर इस मामले पर समाजवादी पार्टी के लोग हर जिले में सड़क पर उतर आए तब प्रदेश की कानून-व्यवस्था को संभालना भारी पड़ जाएगा. सरकार को इस निकृष्टता को रोककर तुरंत सख्त एक्शन लेना चाहिए.'

पल्लवी पटेल और ओम प्रकाश राजभर ने भी की निंदा

इस मामले में पार्टी लाइन से ऊपर उठकर विपक्षी नेता भी अदिति के समर्थन में आए हैं. अपना दल (कमेरावादी) की नेता पल्लवी पटेल ने तल्ख रुख अपनाते हुए कहा कि बेटी चाहे किसी राजनेता की हो, किसान की हो या मजदूर की, जहां बेटियों को देवी माना जाता है, वहां ऐसी ओछी टिप्पणी घोर निंदनीय है. हर किसी को इसके खिलाफ कार्रवाई की मांग करनी चाहिए.

वहीं अखिलेश यादव पर हमेशा आक्रामक रहने वाले कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने पोस्ट लिखकर इस हरकत को गुनाह-ए-अजीम बताया. राजभर ने लिखा अदिति यादव मेरी भी बेटी है. लेकिन अखिलेश यादव जी पूरी तरह से ट्विटर, एसी और पीसी के नेता हैं उनमें कोई गंभीरता नहीं है. हालांकि अदिति के खिलाफ जिसने भी यह आपत्तिजनक पोस्ट की है वह बेहद शर्मनाक है.'

ब्रिलियंट स्टूडेंट और नेशनल प्लेयर हैं अदिति यादव

आपको बता दें कि अदिति यादव पिछले कुछ समय से राजनीति में अपनी संभावित एंट्री को लेकर चर्चा में रही हैं. मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद 2022 के मैनपुरी उपचुनाव में अदिति अपनी मां डिंपल यादव के लिए और 2024 के लोकसभा चुनाव में कन्नौज में अपने पिता अखिलेश यादव के लिए नुक्कड़ सभाएं और धुआंधार प्रचार करती नजर आई थीं. अदिति पढ़ाई में बेहद ब्रिलियंट रही हैं. लखनऊ के लामाटिनियर कॉलेज से स्कूलिंग के दौरान साल 2020 में उन्होंने 12वीं में 98% अंक हासिल किए थे. फिलहाल वह लंदन की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी कॉलेज लंदन से पॉलिटिक्स और इंटरनेशनल रिलेशंस की पढ़ाई कर रही हैं.

अदिति सिर्फ पढ़ाई और राजनीति ही नहीं बल्कि खेल में भी आगे हैं. वे बैडमिंटन और हॉर्स राइडिंग का शौक रखती हैं और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में पदक भी जीत चुकी हैं.