'माफियाओं का सफाया करना ही मुझे पसंद...', 9 साल में पहली बार CM योगी ने बताया अपना पसंदीदा विषय

Yogi Adityanath speech: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने कार्यकाल के नौ वर्षों में पहली बार सार्वजनिक मंच से उस विषय का जिक्र किया, जिसे वह सबसे अधिक पसंद करते हैं.

CM Yogi Statement On Mafia

CM Yogi Statement On Mafia

आशीष श्रीवास्तव

16 Jun 2026 (अपडेटेड: 16 Jun 2026, 12:05 PM)

follow google news

CM Yogi On Mafia: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने कार्यकाल के नौ वर्षों में पहली बार सार्वजनिक मंच से उस विषय का जिक्र किया, जिसे वह सबसे अधिक पसंद करते हैं. लखनऊ में आयोजित डी-3 त्रिवेणी कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि 'माफियाओं का सफाया करना' उनका सबसे प्रिय विषय है. उन्होंने कहा कि उनकी सरकार आगे भी इसी तरह अपराध और माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखेगी. कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार की नीति और अपने व्यक्तिगत अनुभव भी साझा किए.

यह भी पढ़ें...

CM योगी ने बताया अपना पसंदीदा विषय

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि माफिया के खिलाफ कार्रवाई केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि उनकी प्राथमिकताओं में शामिल विषय है. उन्होंने कहा, 'माफियाओं का खात्मा ही मुझे पसंद और सरकार इस दिशा में लगातार काम कर रही है.' उनके इस बयान को कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने गंभीरता से सुना और यह चर्चा का विषय बन गया कि मुख्यमंत्री ने पहली बार सार्वजनिक रूप से अपनी इस पसंद का खुलकर जिक्र किया है.

उदाहरण देकर समझाई कार्रवाई

कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने लखनऊ का एक मामला भी साझा किया. उन्होंने बताया कि पुलिस विभाग की एक जमीन पर माफिया ने अवैध कब्जा कर रखा था. इस संबंध में डीजीपी ने उनसे मुलाकात कर पूरी जानकारी दी. मुख्यमंत्री के निर्देश पर संबंधित माफिया के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई. उन्होंने कहा कि एफआईआर दर्ज होने के अगले ही दिन अवैध कब्जा हटाने के लिए बुलडोजर कार्रवाई शुरू कर दी गई और जमीन को खाली करा लिया गया.

मुख्यमंत्री ने बताया कि कब्जामुक्त कराई गई उसी जमीन पर बाद में फॉरेंसिक इंस्टीट्यूट का निर्माण कराया गया. उन्होंने इस घटना को कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और माफियाओं के खिलाफ सरकार की सख्त नीति का उदाहरण बताया.

बच्चों के प्रति लगाव का भी किया जिक्र

डी-3 त्रिवेणी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बच्चों के प्रति अपने लगाव का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा, 'जब वे किसी गांव या सार्वजनिक कार्यक्रम में जाते हैं तो वहां माताएं अपने छोटे बच्चों का अन्नप्राशन कराने के लिए उत्सुकता से खड़ी रहती हैं. यह दृश्य उनके लिए बेहद आत्मीय और भावनात्मक होता है.'

उन्होंने आगे कहा, 'उन्हें बच्चों का अन्नप्राशन कराना बहुत अच्छा लगता है. कई बार बच्चे अपने माता-पिता या दादा-दादी की गोद में रोते रहते हैं, लेकिन जैसे ही वे उनकी गोद में आते हैं, तो तुरंत मुस्कुरा देते हैं.'** मुख्यमंत्री ने इसे बच्चों की सहज भावना और विश्वास का प्रतीक बताया. उनके अनुसार बच्चे स्वाभाविक रूप से उसी व्यक्ति के प्रति अपनापन महसूस करते हैं, जिसके साथ वे खुद को सुरक्षित समझते हैं.

अच्छे माहौल में होगा बच्चों का बेहतर विकास

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि समाज में बच्चों के लिए सुरक्षित और सकारात्मक वातावरण तैयार करना बेहद जरूरी है. उनका मानना है कि बेहतर माहौल मिलने पर बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव हो पाता है. उन्होंने कहा कि 'मेरी सरकार आने के बाद राज्य में अच्छा वातावरण तैयार हुआ है.' इसी सकारात्मक माहौल को बनाए रखने के लिए सरकार लगातार कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और समाज में सुरक्षा की भावना बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है.