'अफवाही मंत्री जी को ढूंढ रहे अधिकारी-ठेकेदार...' अखिलेश का राजभर पर बड़ा हमला, पंचायती राज विभाग में 'काली कमाई' का लगाया आरोप!

यूपी तक

18 Jun 2026 (अपडेटेड: 18 Jun 2026, 11:22 AM)

UP News: उत्तर प्रदेश की राजनीति में अखिलेश यादव और सुभासपा चीफ ओम प्रकाश राजभर के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है. अखिलेश यादव ने अपने 'X' पोस्ट के जरिए पंचायती राज विभाग में ट्रांसफर-पोस्टिंग और ठेकों के नाम पर 'काली कमाई' और एडवांस वसूली का गंभीर आरोप लगाया है.

Photo: Om Prakash Rajbhar and Akhilesh Yadav

Photo: Om Prakash Rajbhar and Akhilesh Yadav

Google CTA

UP News: इन दिनों उत्तर प्रदेश की राजनीति में हलचल मची हुई है. यूपी के पंचायती राज मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) के मुखिया ओम प्रकाश राजभर इन दिनों आक्रामक मोड में नजर आ रहे हैं. ओपी राजभर बीते कुछ समय से समाजवादी पार्टी चीफ अखिलेश यादव पर हमलावर हैं. अभी हालिया राजभर ने दावा किया है कि आने वाले दिनों में समाजवादी पार्टी के भीतर टूट हो सकती है. वहीं, अब अखिलेश यादव ने बिना नाम लिए हुए ओपी राजभर पर बड़ा आरोप लगाया है. अखिलेश यादव ने दावा करते हुए कहा कि यूपी के पंचायती राज विभाग में बड़ा घोटाला हुआ है. मालूम हो कि ओपी राजभर इसी मंत्रालय के मंत्री हैं. 

यह भी पढ़ें...

अपने X पोस्ट में अखिलेश यादव ने क्या कहा?

सपा चीफ अखिलेश यादव ने अपने X पोस्ट में कहा, "पंचायती-समाचार: टिकटार्थियों के बाद अधिकारी और ठेकेदार मिलके कर रहे ‘ढुंढाई पंचायत’

समाचार-विस्तार: कल तक तो ‘अफ़वाही’ मंत्री जी को केवल वो भावी प्रत्याशी ही ढूँढ रहे थे जिनसे इन्होंने टिकट के नाम पर एडवांस वसूल लिया था, लेकिन अब जो जान गये हैं कि ‘30 सीट’ की बात अफ़वाह है. न तो इन्हें एक भी सीट मिल रही है और ले-देकर मिल भी गई तो भी ये जीतनेवाले नहीं हैं. 

इनकी सच्चाई बाहर आते ही अब तो सुना है, वो एई, जेई और एएमए अधिकारी और विभागीय ठेकेदार भी इनको ढूँढने के लिए मिल-बैठकर ‘पंचायत’ कर रहे हैं, जिनसे ट्रांसफ़र-पोस्टिंग व कॉन्ट्रैक्ट दिलवाने के नाम पर इन्होंने एडवांस वसूल लिया है. जिस काली-कमाई के पैसे के बल पर इनके ‘बड़े बोल’ निकल रहे हैं, अब वो पैसा ही इनके ख़िलाफ़ ‘पंचायत’ बैठा रहा है."

कुल मिलाकर, उत्तर प्रदेश की सियासत में 'चिट्ठी और टूट' से शुरू हुआ यह विवाद अब सीधे तौर पर भ्रष्टाचार और घोटालों के आरोपों तक पहुंच गया है. जहां एक तरफ ओम प्रकाश राजभर सपा में बड़ी टूट का दावा कर माहौल गरमा रहे हैं, वहीं अखिलेश यादव ने उनके ही विभाग में ट्रांसफर-पोस्टिंग और ठेकों के नाम पर 'काली कमाई' का आरोप लगाकर इस सियासी लड़ाई को बेहद आक्रामक मोड़ दे दिया है. चुनावी सरगर्मियों के बीच दोनों तरफ से जारी इन तीखे हमलों ने यह साफ कर दिया है कि आने वाले दिनों में यूपी की राजनीति में शह और मात का यह खेल और ज्यादा दिलचस्प और आक्रामक होने वाला है.