Rinku Singh's Father Death: भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह के निधन की खबर से खेल जगत में शोक की लहर है. इस दुखद घड़ी में टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने भी रिंकू और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है. विराट ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर रिंकू के पिता को श्रद्धांजलि दी.
ADVERTISEMENT
रिंकू सिंह के पिता के निधन पर विराट कोहली ने लिखा, "रिंकू के पिता के निधन की खबर सुनकर गहरा दुख हुआ. इस कठिन समय में मेरी हार्दिक संवेदनाएं और प्रार्थनाएं आपके और आपके परिवार के साथ हैं. ईश्वर आपको उनके शाश्वत आशीर्वाद में शक्ति प्रदान करें. ओम शांति."
लीवर कैंसर से जंग हार गए खानचंद सिंह
यथार्थ अस्पताल के प्रवक्ता डॉ. सुनील कुमार के मुताबिक, खानचंद सिंह लीवर कैंसर की एडवांस्ड स्टेज में थे. उनकी हालत बिगड़ने पर उन्हें 21 फरवरी को अस्पताल में भर्ती कराया गया था. पिछले तीन-चार दिनों से वे वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे और शुक्रवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली.
वर्ल्ड कप बीच में छोड़ पिता से मिलने आए थे रिंकू
पिता की गंभीर स्थिति को देखते हुए रिंकू सिंह टी-20 वर्ल्ड कप को बीच में ही छोड़कर घर लौट आए थे. वे हाल ही में अपने पिता से मिलने ग्रेटर नोएडा पहुंचे थे. हालांकि, पिता की हालत में कुछ स्थिरता देखते हुए वे 26 फरवरी को जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच से पहले दोबारा टीम के साथ जुड़ गए थे, लेकिन इसी बीच यह दुखद खबर आ गई.
गैस हॉकर पिता के संघर्ष की दास्तान
रिंकू सिंह के पूर्व कोच मसूद अमिनी ने बताया कि खानचंद सिंह ने अपने बच्चों को पढ़ाने और परिवार पालने के लिए बहुत मेहनत की. उन्होंने अलीगढ़ में गैस सिलेंडर डिलीवरी मैन के रूप में काम किया. आर्थिक तंगहाली के बावजूद उन्होंने रिंकू के क्रिकेटर बनने के सपने को पूरा समर्थन दिया. आज रिंकू अपनी सफलता का पूरा श्रेय अपने पिता के इसी संघर्ष को देते हैं. खानचंद सिंह का अंतिम संस्कार उनके पैतृक जिले अलीगढ़ में किया जाएगा.
ADVERTISEMENT









