Samosa Recipe: प्रयागराज का नाम सुनते ही संगम और कुंभ की तस्वीर सामने आती है. लेकिन अब यह शहर अपने खास समोसे के स्वाद के लिए भी तेजी से पहचान बना रहा है. यहां मिलने वाले समोसे का स्वाद बाकी शहरों से काफी अलग माना जाता है. कुरकुरी परत के अंदर मसालेदार आलू की फिलिंग और देसी मसालों का जबरदस्त मेल लोगों को बार बार इसे खाने पर मजबूर कर देता है. शहर के पुराने दुकानदारों का कहना है कि खास मसालों का संतुलन और धीमी आंच पर तलने का तरीका ही प्रयागराज के समोसे को अलग पहचान देता है. यही वजह है कि उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रयागराज को अपने मशहूर समोसे के लिए वन डिस्ट्रिक्ट वन क्यूजीन योजना में शामिल किया है.
ADVERTISEMENT
क्या है वन डिस्ट्रिक्ट वन क्यूजीन योजना
वन डिस्ट्रिक्ट वन क्यूजीन यानी (ODOC) उत्तर प्रदेश सरकार की एक खास पहल है. इस योजना का मकसद हर जिले के पारंपरिक और मशहूर खाने को नई पहचान देना है ताकि वहां का स्थानीय स्वाद देश और दुनिया तक पहुंच सके. इसी योजना के तहत प्रयागराज के समोसे को जिले की खास डिश के रूप में चुना गया है.
समोसे की कहानी कहां से शुरू हुई
समोसा आज भले ही भारतीय खाने का अहम हिस्सा बन चुका हो लेकिन इसकी शुरुआत भारत में नहीं हुई थी. माना जाता है कि कई सौ साल पहले यह मध्य एशिया और फारस से भारत पहुंचा था. उस समय इसमें आलू नहीं बल्कि सूखे मेवे और मीट भरा जाता था. भारत आने के बाद इसमें देसी मसाले और आलू का इस्तेमाल शुरू हुआ और धीरे धीरे यह आम लोगों के बीच बेहद लोकप्रिय हो गया. समय के साथ हर शहर ने अपने स्वाद के हिसाब से समोसे को नया रूप दिया और प्रयागराज का समोसा भी इसी वजह से खास माना जाता है.
प्रयागराज का समोसा क्यों है इतना मशहूर
प्रयागराज में मिलने वाले समोसे का स्वाद मसालों की वजह से अलग माना जाता है. यहां कई दुकानदार आलू की फिलिंग में हरी मिर्च धनिया अदरक और खास घरेलू मसाले डालते हैं जिससे इसका स्वाद काफी चटपटा बन जाता है. कई जगह समोसे के साथ खट्टी मीठी चटनी भी दी जाती है जो इसके स्वाद को और बढ़ा देती है. कॉलेज के छात्र ऑफिस जाने वाले लोग और चाय प्रेमियों के बीच यह स्नैक काफी लोकप्रिय है.
घर पर स्वादिष्ट समोसा कैसे बनाएं
1.सबसे पहले आटा तैयार करें. मैदा में नमक अजवाइन और थोड़ा तेल डालकर अच्छे से मिलाएं. इसके बाद हल्का सख्त आटा गूंध लें और कुछ देर ढककर रख दें.
2.अब मसालेदार फिलिंग बनाएं.उबले हुए आलू को मैश करें. उसमें हरी मिर्च अदरक धनिया पाउडर लाल मिर्च अमचूर और गरम मसाला डालकर अच्छे से मिलाएं. चाहें तो मटर भी डाल सकते हैं.
3.समोसे को आकार दें. आटे की छोटी लोई बेलकर उसे बीच से काट लें. फिर कोन जैसा आकार बनाकर उसमें आलू की फिलिंग भरें और किनारों को पानी की मदद से बंद कर दें.
4.अब एक कड़ाही में तेल गर्म करें और समोसों को धीमी आंच पर सुनहरा होने तक तलें. इससे समोसा ज्यादा कुरकुरा बनता है.
5.गरमा गरम समोसे को हरी चटनी इमली की चटनी और चाय के साथ परोसें. यही स्वाद लोगों को सबसे ज्यादा पसंद आता है.
( यह खबर यूपी तक के साथ इंटर्नशिप कर रहे हर्ष पाण्डेय ने संपादित किया है.)
ADVERTISEMENT









