IRCTC ने लॉन्च किया हिमाचल का 7 दिन का लग्जरी टूर पैकेज, कम बजट में करें मिनी स्विट्जरलैंड और धार्मिक स्थलों की सैर

IRCTC Tour Package: आईआरसीटीसी लखनऊ ने गर्मी की छुट्टियों के लिए “समर स्पेशल धर्मशाला-खज्जियार विथ शक्तिपीठ” हवाई टूर पैकेज लॉन्च किया है. 31 मई 2026 से शुरू होने वाले इस 6 रात और 7 दिन के टूर में धर्मशाला, खज्जियार, अमृतसर, मैक्लोडगंज और शक्तिपीठों की सैर कराई जाएगी.

उदय गुप्ता

• 03:54 PM • 15 May 2026

follow google news

IRCTC Tour Package: गर्मी की छुट्टियों में अगर आप पहाड़ों की ठंडी वादियों और धार्मिक स्थलों की यात्रा करने का प्लान बना रहे हैं तो भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (IRCTC) आपके लिए शानदार मौका लेकर आया है. आईआरसीटीसी लखनऊ ने यात्रियों के लिए हिमाचल प्रदेश के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों की सैर कराने के उद्देश्य से एक खास हवाई टूर पैकेज लॉन्च किया है. यह पैकेज 31 मई 2026 से शुरू होगा और कुल 6 रात और 7 दिनों की यात्रा कराई जाएगी. इस टूर का नाम “समर स्पेशल धर्मशाला-खज्जियार विथ शक्तिपीठ” रखा गया है.

यह भी पढ़ें...

धार्मिक और प्राकृतिक सुंदरता का मिलेगा अनोखा अनुभव

इस टूर पैकेज के तहत यात्रियों को हिमाचल प्रदेश और आसपास के कई प्रसिद्ध पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा. यात्रा के दौरान अमृतसर में अटारी-वाघा बॉर्डर और स्वर्ण मंदिर भी दिखाया जाएगा. इसके  अलावा खज्जियार की खूबसूरत झील और हरे-भरे मैदानों की सैर भी कराई जाएगी जिसे मिनी स्विट्जरलैंड के नाम से जाना जाता है.

यात्रियों को चंबा में प्रसिद्ध लक्ष्मी नारायण मंदिर और भूरी सिंह संग्रहालय घूमने का अवसर मिलेगा. वहीं धर्मशाला में एचपीसीए क्रिकेट स्टेडियम और मैक्लोडगंज में भगसूनाग मंदिर तथा दलाई लामा मंदिर के दर्शन भी इस पैकेज में शामिल हैं. इसके साथ ही श्रद्धालुओं को चामुंडा देवी शक्तिपीठ और श्री बज्रेश्वरी देवी शक्तिपीठ के दर्शन भी कराए जाएंगे.

यात्रियों को मिलेंगी कई सुविधाएं

आईआरसीटीसी की ओर से इस यात्रा को आरामदायक बनने के लिए कई सुविधाएं दी जा रही हैं. यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था अच्छे होटलों में की जाएगी. पैकेज में नाश्ता और रात्रि भोजन शामिल रहेगा. इसके अलावा सभी प्रमुख दर्शनीय स्थलों का भ्रमण, अनुभवी टूर एस्कॉर्ट और स्थानीय परिवहन की सुविधा भी यात्रियों को उपलब्ध कराई जाएगी.

जानिए कितना होगा किराया

आईआरसीटीसी  ने अलग-अलग श्रेणियों के हिसाब से पैकेज की कीमत तय की है. अकेले यात्रा करने वाले यात्री को 69800 रुपये प्रति व्यक्ति खर्च करने होंगे. दो लोगों के साथ ठहरने पर प्रति व्यक्ति 53500 रुपये और तीन लोगों के साथ ठहरने पर प्रति व्यक्ति 50200 रुपये शुल्क तय किया गया है.

बच्चों के लिए भी अलग-अलग पैकेज दरें तय की गई हैं. माता-पिता के साथ ठहरने वाले 5 से 11 साल तक के बच्चों के लिए बेड सहित 39900 रुपये और बिना बेड 33800 रुपये शुल्क रखा गया है. वहीं 2 से 5 साल तक के बच्चों के लिए बिना बेड 18900 रुपये प्रति बच्चा तय किया गया है.

इस तरह कर सकते हैं बुकिंग

आईआरसीटीसी उत्तरी क्षेत्र के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि इस टूर पैकेज की बुकिंग “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर की जाएगी और सीटें सीमित रहेंगी. इच्छुक यात्री गोमती नगर लखनऊ स्थित पर्यटन भवन में आईआरसीटीसी कार्यालय जाकर बुकिंग करा सकते हैं. इसके अलावा यात्री आईआरसीटीसी की आधिकारिक  वेबसाइट IRCTC Tourism पर जाकर भी ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं. अधिक जानकारी के लिए यात्री 9236391909 और 8287930902 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं.

यह भी पढ़ें: यूपी के एडेड माध्यमिक स्कूलों में शुरू होने वाली है 23 हजार से अधिक पदों पर भर्ती, जल्द मिल सकती है बड़ी अपडेट