Ghaziabad Crime News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक खौफनाक मामला सामने आया है. मुरादनगर थाना क्षेत्र के रावली कला गांव में शनिवार सुबह एक 80 साल के बुजुर्ग हरपाल ने अपनी 72 साल की पत्नी उर्मिला की कुल्हाड़ी से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी. रूह कंपा देने वाली इस वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारा पति डरा नहीं बल्कि हाथों में खून से सनी वो कुल्हाड़ी लहराते हुए खुद रावली पुलिस चौकी पहुंच गया. बुजुर्ग ने जब पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल करते हुए कहा कि 'मैंने अपनी पत्नी को कुल्हाड़ी से काट दिया है' तो वहां मौजूद पुलिसकर्मियों का भी माथा घूम गया और महकमे में हड़कंप मच गया.
ADVERTISEMENT
सुबह 4 बजे कुल्हाड़ी से काटकर कर दी हत्या
यह वारदात सुबह करीब 4 बजे की बताई जा रही है. जब पूरा गांव गहरी नींद में सोया था तब कसाई बने पति हरपाल ने सो रही पत्नी उर्मिला पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए. आरोपी ने उर्मिला के सिर और कान के पास कुल्हाड़ी से कई गहरे वार किए जिससे उनका भेजा फट गया. खून से सनी कुल्हाड़ी लेकर जब बुजुर्ग चौकी पहुंचा तो पुलिस तुरंत घटनास्थल की तरफ दौड़ी. घर के अंदर का मंजर बेहद खौफनाक और भयावह था. चारपाई पूरी तरह खून से सराबोर थी और उर्मिला तड़प रही थीं. पुलिस ने आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुरादनगर पहुंचाया. लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. डॉक्टरों ने भी उन्हें तुरंत मृत घोषित कर दिया.
बेटी और दामाद गए थे शादी में
जांच में सामने आया है कि आरोपी बुजुर्ग हरपाल अपनी बेटी के घर रावली कला गांव में रह रहा था. मृतका की बेटी ने रोते हुए बताया कि वे लोग एक शादी समारोह में शामिल होने मेरठ गए हुए थे. सुबह जब फोन पर उन्हें इस खौफनाक कांड जानकारी मिली, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. बेटी ने बताया कि माता-पिता के बीच अक्सर अनबन और छोटी-मोटी बहस होती रहती थी. लेकिन वो पिता कभी कसाई बनकर अपनी ही पत्नी का कत्ल कर देंगे ऐसा सपने में भी नहीं सोचा था.
मृतका के नाती कुणाल ने बताया कि रात में वह और उसका भाई कमरे के अंदर सो रहे थे. जबकि नाना-नानी बाहर बरामदे में सो रहे थे. कुणाल के मुताबिक, उसके नाना हरपाल की मानसिक स्थिति कुछ समय से ठीक नहीं चल रही थी और रात में भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. आशंका है कि इसी मानसिक सनक और अनबन के चलते बुजुर्ग ने अपनी 50 साल से अधिक पुरानी पत्नी को बेरहमी से काट डाला.
पूरे गांव में दहशत का माहौल
हसनपुर और मुरादनगर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. आरोपी पति को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की जा रही है कि आखिर कत्ल की असली वजह क्या थी. इस दर्दनाक और खौफनाक हत्याकांड के बाद से पूरे रावली कला गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग खौफ व दहशत के साए में हैं.
ADVERTISEMENT









