जमीन खरीदकर गांव में मिठाई बांटने गए थे निजामुद्दीन, फिर जो हुआ मंजर देख हर कोई कांप गया

UP News: उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है. यहां डेढ़ बिसवा जमीन खरीदने की खुशी में मिठाई बांटने निकले एक युवक की बीच सड़क पर गला घोंटकर हत्या कर दी गई.

Kannauj Murder Case News

नीरज श्रीवास्तव

• 05:58 PM • 13 May 2026

follow google news

UP News: उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है. यहां डेढ़ बिसवा जमीन खरीदने की खुशी में मिठाई बांटने निकले एक युवक की बीच सड़क पर गला घोंटकर हत्या कर दी गई. यह पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके बाद पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुट गई है. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और परिवार में मातम पसरा हुआ है.

यह भी पढ़ें...

मिठाई बांटने निकला था निजामुद्दीन

मृतक की पहचान कन्नौज के शेखाना मोहल्ला निवासी 45 वर्षीय निजामुद्दीन के रूप में हुई है. वह सिलाई का काम करता था. परिजनों के मुताबिक, निजामुद्दीन ने एक दिन पहले डेढ़ बिसवा जमीन खरीदी थी. जमीन खरीदने की खुशी में वह बुधवार सुबह अपने दोस्तों और परिचितों को मिठाई बांटने निकला था. जानकारी के अनुसार, निजामुद्दीन अपने दोस्त मुजीर अहमद के घर लड्डू देने पहुंचे थे. वह दरवाजे पर खड़े थे, तभी मोहल्ले का रहने वाला बसीर मुल्ला वहां पहुंच गया. बताया जा रहा है कि दोनों के बीच अचानक कहासुनी शुरू हो गई और देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया.

अंगौछे से गला कसकर की हत्या

प्रत्यक्षदर्शियों और सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक, झगड़े के दौरान बसीर मुल्ला ने अपने गले में पड़ा अंगौछा निकालकर निजामुद्दीन के गले में डाल दिया और जोर से कसना शुरू कर दिया. फुटेज में आरोपी उन्हें गले में अंगौछा कसे हुए जमीन पर घसीटता हुआ भी दिखाई दे रहा है. कुछ ही देर में निजामुद्दीन बेहोश होकर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई. हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि मृतक जमीन खरीदने के बाद मिठाई देने अपने परिचित के घर गया था. उसी दौरान बसीर मुल्ला नाम का व्यक्ति वहां पहुंचा और अंगौछे से उसका गला कस दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. पुलिस के अनुसार आरोपी को मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है, लेकिन मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है. परिजनों की तहरीर के आधार पर हत्या का केस दर्ज किया जा रहा है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं.