Rinku Singh's Father Death: भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह अब इस दुनिया में नहीं हैं. शुक्रवार तड़के उन्होंने आखिरी सांस ली. जिस घर में शहनाइयों की गूंज और शादी की तैयारियां शुरू होने वाली थीं वहां आज मातम पसर गया है. खानचंद सिंह के निधन से न केवल रिंकू सिंह बल्कि उनकी होने वाली बहू प्रिया सरोज भी गहरे सदमे में हैं. मछलीशहर से समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज ने सोशल मीडिया पर अपने पूज्य पिताजी के लिए भावुक पोस्ट लिखी है.
ADVERTISEMENT
'वे परिवार के आधार स्तंभ थे'
सांसद प्रिया सरोज ने लिखा, "आज प्रातः पूज्य पिताजी जी (फादर इन लॉ) का निधन हो गया. यह क्षण मेरे और पूरे परिवार के लिए अत्यंत भावुक और पीड़ादायक है. उनका जाना हमारे जीवन में एक ऐसी कमी छोड़ गया है, जिसे शब्दों में व्यक्त करना कठिन है. उन्होंने जीवन भर सादगी, ईमानदारी और परिश्रम के साथ अपने दायित्व निभाए. वे परिवार के आधार स्तंभ थे. उनका स्नेह, आशीर्वाद और मार्गदर्शन हमेशा हम सबको मिलता रहा. आज उनके जाने से घर का एक मजबूत सहारा छिन गया है. मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें और हम सबको इस गहरे दुःख को सहने की शक्ति दें. उनकी स्मृतियां हमेशा हमारे साथ रहेंगी. ॐ शांति."
अधूरा रह गया शादी का सपना
यह खबर इसलिए भी ज्यादा दुखद है क्योंकि रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की शादी इसी साल जून में होनी तय मानी जा रही थी. पिछले साल जून में ही दोनों की सगाई हुई थी जिसमें खानचंद सिंह अपने बेटे और होने वाली बहू को खुश देखकर बेहद भावुक हुए थे. वह अपनी आंखों के सामने रिंकू का घर बसते देखना चाहते थे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था.
आपको बता दें कि रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह पिछले काफी समय से स्टेज-4 लीवर कैंसर से जूझ रहे थे. उनका इलाज ग्रेटर नोएडा के यथार्थ अस्पताल में चल रहा था, जहां वे वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे. खानचंद सिंह ने अलीगढ़ की एक गैस एजेंसी में हॉकर के रूप में काम किया. इस बीच पिता की नाजुक हालत देखकर रिंकू सिंह टी-20 वर्ल्ड कप को बीच में छोड़कर घर वापस आ गए थे. मगर होनी को कुछ और ही मंजूर था. खानचंद सिंह का अंतिम संस्कार उनके पैतृक निवास अलीगढ़ में किया गया है.
ADVERTISEMENT









