Sitapur News: सीतापुर में चुनावी रंजिश का आतंक, प्रधान पति पर धमकी, मारपीट और फर्जी केस का आरोप, ग्रामीणों ने DM से मांगा न्याय

Sitapur Crime News: सीतापुर के लहरपुर क्षेत्र में चुनावी रंजिश को लेकर ग्रामीणों ने प्रधान पति पर धमकी, मारपीट और झूठे मुकदमे दर्ज कराने के आरोप लगाए हैं. पीड़ितों ने जिला प्रशासन से सुरक्षा और न्याय की मांग की है.

Newzo

• 02:54 PM • 09 Apr 2026

follow google news

Sitapur Crime News: थाना लहरपुर क्षेत्र के ग्राम कोदहरा, मजरा बेहड़ा कोदहरा से चुनावी रंजिश का एक गंभीर मामला सामने आया है. पीड़ित दयाराम (आयु 45 वर्ष), पुत्र श्याम लाल, निवासी उक्त ग्राम, ने अन्य ग्रामीणों के साथ मिलकर जिला अधिकारी से शिकायत की है. शिकायत के अनुसार, अवनीश वर्मा (प्रधान पति), पुत्र त्रिभुवन लाल वर्मा, पर आरोप है कि वे ग्राम के कुछ लोगों के साथ मिलकर गांव के कई निवासियों को लगातार धमका रहे हैं, गाली-गलौज कर रहे हैं और मारपीट कर रहे हैं. 

यह भी पढ़ें...

पीड़ितों का कहना है कि वे मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं और अनुसूचित जाति (पासी) समुदाय से हैं, जबकि आरोपी दबंग प्रवृत्ति का व्यक्ति है और चुनावी रंजिश के चलते उन्हें प्रताड़ित कर रहा है. ग्रामीणों का आरोप है कि प्रधान पति ने अपने समर्थकों अपनेश वर्मा, पंकज, पुनीत, परसनजीत, दिलीप, अशोक, विकेश, पिंकू, कमल किशोर, हरिश और मीना (पत्नी दिलीप) को उकसाया है कि वे आए दिन झगड़े करें और यदि कोई विरोध करे तो उसके खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज करा दिए जाएं.

आरोप है कि 15 फरवरी 2026 को रंजीत नामक व्यक्ति की जान लेने की कोशिश की गई, जिसमें वह किसी तरह बच गया. इस घटना की शिकायत थाना पुलिस को दी गई, लेकिन पीड़ित का कहना है कि पुलिस ने सही तरीके से रिपोर्ट दर्ज नहीं की और मामले को अपने अनुसार दर्ज किया.

इसके बाद, बदले की भावना से एक महिला के माध्यम से पीड़ित पक्ष के लोगों के खिलाफ छेड़छाड़ का झूठा मुकदमा दर्ज करा दिया गया (अपराध संख्या 0051). पीड़ितों का यह भी कहना है कि उन्हें लगातार झूठे मामलों में फंसाने, गांव से निकालने और यहां तक कि उनकी फसल व मकान में आग लगाने की धमकियां दी जा रही हैं. इन परिस्थितियों के चलते पीड़ित परिवार और अन्य ग्रामीण भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर हैं और उन्होंने प्रशासन से न्याय व सुरक्षा की गुहार लगाई है.