उत्तर प्रदेश कैडर की पीसीएस अधिकारी ज्योति मौर्य और उनके पति आलोक मौर्य फिर एक बार खबरों में हैं. अलोक और ज्योति को लेकर सोशल मीडिया पर तमाम तरीके की चर्चाएं चल रही हैं. एक दावा खुद अलोक मौर्य की ओर से किया गया है. अलोक का दावा है कि उनका अब अपनी पत्नी से विवाद सुलझ गया है. वहीं, दूसरी तरफ ये खबर निकलकर सामने आई है कि ज्योति और अलोक के बीच तलाक का मामला अपने आखिरी दौर में है. हालांकि ज्योति मौर्य ने इस मामले पर आधिकारिक बयान देने से इनकार कर दिया है.
ADVERTISEMENT
ज्योति ने ऑफ कैमरा क्या कहा?
मौजूदा वक्त में ज्योति मौर्य ADM (प्रशासन) के रूप में गाजियाबाद जिले में तैनात हैं. यूपी Tak की टीम ने गाजियाबाद कलेक्ट्रेट में एडीएम ज्योति मौर्य से मुलाकात की. इस दौरान जब उनसे आलोक मौर्य के सुलह वाले बयान को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कैमरे पर कुछ भी बोलने से साफ इनकार कर दिया. हालांकि ऑफ कैमरा बातचीत में उन्होंने संकेत दिया कि वह इस प्राइवेट मामले को अब और तूल नहीं देना चाहतीं. उन्होंने कहा कि मीडिया में पहले ही बहुत कुछ चल रहा है. इसलिए वह फिलहाल अपना पक्ष सार्वजनिक नहीं करेंगी.
आलोक ने क्या कहा था?
बता दें कि पिछले 3 सालों से आलोक मौर्य गायब थे. मगर हालिया उन्होंने मीडिया से बातचीत में बड़ा दावा किया. आलोक ने कहा था कि उनकी अब ज्योति मौर्य से लड़ाई खत्म हो गई है और दोनों के बीच सुलह भी हो गई है. यहां तक की अब दोनों साथ में भी रह रहे हैं. दोनों ने अपने बच्चों के लिए, बच्चों के भविष्य के लिए साथ में रहने का फैसला कर लिया है.
कोर्ट में चल रहा दोनों का मामला
यह मामला प्रयागराज की फैमिली कोर्ट पहुंचा जहां 2023 से 2025 तक तारीखें पड़ती रहीं. इसी बीच ज्योति ने तलाक की अर्जी भी दाखिल की थी. अब 2026 में अचानक आलोक मौर्य का यह कहना कि 'हम दोनों के बीच सुलह हो गई है और हम एक साथ रह रहे हैं', लोगों के लिए चौंकाने वाला है. सोशल मीडिया पर फिर से वही दौर लौट आया है जब लोग ज्योति मौर्य को लेकर तरह-तरह की मीम्स और टिप्पणियां कर रहे हैं. हालांकि ज्योति मौर्य की चुप्पी और आलोक का दावा एक-दूसरे के विपरीत दिख रहे हैं. क्या वाकई यह विवाद खत्म हो गया है या यह किसी बड़ी कानूनी रणनीति का हिस्सा है यह आने वाले दिनों में साफ होगा. फिलहाल ज्योति मौर्य अपने प्रशासनिक कार्यों में व्यस्त हैं और निजी सवालों से दूरी बनाए हुए हैं.
ADVERTISEMENT









