UP News: ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती को जान से मारने की धमकी मिली है. बताया जा रहा है कि स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के मोबाइल नंबर पर धमकी भरा मैसेज आया है. इसमें अतीक अहमद की तरह हत्या की धमकी दी गई है.
ADVERTISEMENT
मिली जानकारी के मुताबिक, ज्योतिर्मठ के आधिकारिक नंबर पर 1 अप्रैल की दोपहर लगातार कई मैसेज आए. इसके बाद इस नंबर को ब्लॉक कर दिया गया. फिर वॉइस मैसेज आने शुरू हो गए. इस दौरान 6 अप्रैल के दिन 1.55 और 1.57 के करीब एक के बाद एक दो वॉइस मैसेज आए. इसमें अतीक जैसी हत्या करने की धमकी दी गई.
धमकी में क्या कहा गया?
मिली जानकारी के मुताबिक, वॉइस मैसेज में धमकी दी गई कि जैसे अतीक अहमद की हत्या कर दी गई थी, वैसे ही हत्या कर दी जाएगी. वॉइस मैसेज में कहा गया कि अभी बाल-बाल बचे हो, कितना टाइम बचा है तुम्हारे पास. अब तुम्हारे पास टाइम नहीं है और हम नहीं हमारे जैसे लाखों लोग हैं, जो तुमको मार डालेंगे. तुमको यात्रा के दौरान ही मार डालेंगे.
बता दें कि शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती की तरफ से मोबाइल नंबर भी जारी किया गया है, जिससे धमकी भरे मैसेज भेजे गए हैं. शंकराचार्य के सहयोगियों का कहना है कि जल्द ही मामले की पुलिस से शिकायत की जाएगी.
आपको बता दें कि प्रयागराज माघ मेले में शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद और प्रशासन के बीच विवाद हो गया था. इसके बाद प्रशासन ने शंकराचार्य से उनके शंकराचार्य होने का सबूत मांग लिया था. इस विवाद के कुछ समय बाद ही शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद और उनके सहयोगी के खिलाफ बटुकों के कथित यौन शोषण का आरोप लगाया गया और कोर्ट के आदेश पर उनके खिलाफ केस भी दर्ज किया गया. फिलहाल शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर हमलावर हैं और वह गायों को लेकर अभियान चला रहे हैं.
ADVERTISEMENT









