Barabanki News: गैस बुकिंग के बाद भी नहीं मिल रहा सिलेंडर! बाराबंकी में सर्वर फेल, एजेंसी पर लगी लंबी लाइन

Barabanki LPG Shortage: बाराबंकी के रामनगर क्षेत्र में एलपीजी गैस सिलेंडर को लेकर उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ी. बुकिंग के बाद मैसेज नहीं मिलने से लोग कई दिनों से परेशान हैं. सप्लाई विभाग के अनुसार IOC सर्वर में तकनीकी खराबी के कारण DRC नंबर आने में देरी हो रही है.

Newzo

• 02:32 PM • 09 Apr 2026

follow google news

Barabanki LPG Shortage: जनपद के रामनगर तहसील क्षेत्र स्थित लोधेश्वर इंडियन ग्रामीण वितरक गैस एजेंसी पर आज भारी संख्या में उपभोक्ताओं की भीड़ उमड़ पड़ी. आसपास के कई गांवों से लोग गैस सिलेंडर लेने पहुंचे. जिन उपभोक्ताओं के मोबाइल पर गैस बुकिंग का मैसेज प्राप्त हो चुका था, उन्हें कंप्यूटर ऑपरेटर द्वारा सत्यापन के बाद रसीद देकर लगभग 950 रुपये में सिलेंडर वितरित किया गया.

यह भी पढ़ें...

एजेंसी परिसर के मुख्य गेट के सामने एक अलग काउंटर लगाकर ई-केवाईसी की प्रक्रिया भी कराई जा रही है, जहां उपभोक्ताओं की पहचान अपडेट की जा रही है. एजेंसी ऑपरेटर राहुल ने बताया कि लगभग 10 हजार उपभोक्ता इस एजेंसी से जुड़े हैं और जिनकी बुकिंग कन्फर्म हो रही है, उन्हें लगातार सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है. इसके बावजूद कई उपभोक्ता पिछले कई दिनों से परेशान हैं. 

गैस बुकिंग के बाद भी मैसेज नहीं, उपभोक्ता चक्कर लगाने को मजबूर

बिंदौरा परसपुर निवासी रामकली ने बताया कि वह पिछले 15 दिनों से एजेंसी के चक्कर लगा रही हैं, लेकिन गैस बुकिंग का मैसेज नहीं आ रहा. उन्होंने बताया कि परिवार में शादी होने के कारण गैस की अत्यधिक जरूरत है. इसी तरह बुढ़वल के धनीराम और अमराई गांव की जमीला खातून ने भी शिकायत की कि लगातार बुकिंग करने के बावजूद उन्हें डी ए सी मैसेज प्राप्त नहीं हो रहा है. कई अन्य उपभोक्ताओं ने भी बताया कि एक सप्ताह से अधिक समय बीतने के बाद भी मैसेज नहीं आ रहा, जिससे उन्हें काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है.

IOC सर्वर में तकनीकी दिक्कत से हो रही देरी: सप्लाई इंस्पेक्टर

इस संबंध में सप्लाई इंस्पेक्टर अनुज सिंह ने बताया कि इस समय Indian Oil Corporation (IOC) के सर्वर में तकनीकी समस्या चल रही है. उन्होंने कहा कि कभी-कभी DRC नंबर आने में 10 से 12 दिन तक का समय लग रहा है. हालांकि जिन उपभोक्ताओं को मैसेज प्राप्त हो जाता है, उन्हें बिना किसी समस्या के सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है. प्रशासन ने उपभोक्ताओं से धैर्य बनाए रखने की अपील की है और आश्वासन दिया है कि सर्वर समस्या जल्द ही ठीक कर दी जाएगी.