Barabanki Police Action: बाराबंकी सर्विलांस सेल की बड़ी कामयाबी, 16 लाख के 78 गुम मोबाइल बरामद, मालिकों को लौटाए

Barabanki News: बाराबंकी पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर 78 गुम मोबाइल फोन बरामद किए, जिनकी कीमत करीब 16 लाख रुपये है. CEIR पोर्टल की मदद से ट्रैक किए गए ये मोबाइल उनके असली मालिकों को सौंपे गए.

Newzo

05 Apr 2026 (अपडेटेड: 05 Apr 2026, 02:55 PM)

follow google news

Barabanki News: बाराबंकी जिले में आम जनता के गुम हुए मोबाइल फोन की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के निर्देश पर सर्विलांस सेल और थानों की संयुक्त टीमों ने बड़ी सफलता हासिल की है. विशेष अभियान चलाकर टीम ने 78 गुम मोबाइल फोन बरामद किए, जिनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 16 लाख रुपये बताई जा रही है.

यह भी पढ़ें...

इन मोबाइल फोन की बरामदगी CEIR (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल के माध्यम से तकनीकी विश्लेषण और ट्रैकिंग की मदद से संभव हुई. रविवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी नगर संगम कुमार ने बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे.

अपने खोए हुए मोबाइल और महत्वपूर्ण डेटा वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई. मोबाइल स्वामियों ने इस सराहनीय कार्य के लिए बाराबंकी पुलिस का आभार व्यक्त किया.

पुलिस ने की अपील 

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल खोने या चोरी होने की स्थिति में तुरंत नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं या CEIR पोर्टल पर ऑनलाइन रिपोर्ट करें. यह पोर्टल मोबाइल को ट्रैक करने, ब्लॉक करने और बरामद करने में काफी मददगार साबित हो रहा है.

गौरतलब है कि पिछले पांच महीनों में मोबाइल रिकवरी टीम ने 550 से अधिक मोबाइल फोन (करीब 1.08 करोड़ रुपये मूल्य) बरामद कर उनके मालिकों को वापस सौंपे हैं, जो पुलिस की सक्रियता और तकनीकी दक्षता को दर्शाता है.