Barabanki Road Accident: बाराबंकी में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो का कहर, महिला और मासूम घायल, चालक मौके से फरार

Barabanki News: बाराबंकी में चौकाघाट चेक पोस्ट के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी, जिसमें महिला और उसका मासूम बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया, पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

Newzo

• 12:23 PM • 05 Apr 2026

follow google news

Barabanki News: बाराबंकी जिले में रविवार सुबह करीब 9 बजे चौकाघाट चेक पोस्ट के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला और उसका मासूम बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए. तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक सवार परिवार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिसके बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया.

यह भी पढ़ें...

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विनीता सिंह (32), पत्नी निशांत सिंह, निवासी ग्राम टिहुरकी, अपने पति और 7 वर्षीय पुत्र अदयांश सिंह के साथ बाइक (संख्या UP 41 AC 9126) से कोटवा धाम दर्शन के लिए जा रही थीं. जैसे ही वे लखनऊ-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर चौकाघाट चेक पोस्ट के पास मुड़े, पीछे से आ रही तेज रफ्तार सफेद स्कॉर्पियो ने उन्हें टक्कर मार दी.

टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे में विनीता सिंह के सिर में गंभीर चोटें आई हैं और एक हाथ भी टूट गया है. उनकी हालत नाजुक बनी हुई है और वे बेहोश हैं. वहीं, उनके पुत्र अदयांश के सिर में भी गंभीर चोट आई है.

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सूचना पर पीआरबी बाइक संख्या 5051 मौके पर पहुंची, जिसमें आरक्षी ए.पी. वर्मा और संगम यादव शामिल थे. ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए 108 एंबुलेंस बुलवाई, जिससे घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर पहुंचाया गया.

प्राथमिक उपचार के बाद महिला की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां एंबुलेंस (UP 32 EG 5010) से भेजा गया. बच्चे का इलाज फिलहाल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है.

मौके पर पहुंचे सब इंस्पेक्टर शत्रुघ्न ने बताया कि ग्रामीणों ने स्कॉर्पियो का नंबर नोट किया था, लेकिन वह गलत प्रतीत हो रहा है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों की तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा.

घटना के बाद क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश है. ग्रामीणों ने प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाने और सड़क सुरक्षा के ठोस इंतजाम करने की मांग की है.